विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही में आठ घंटे बंद रहा रेलवे फाटक, जाम से पूरे शहर में रेंगते रहे वाहन

Published: Sat, 05 Sep 2026 05:22 PM (IST)

भदोही में पकरी रेलवे फाटक आठ घंटे बंद रहने से पूरे शहर में भीषण जाम लग गया। ट्रैक मरम्मत के कारण सुबह से शाम तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।

आठ घंटे रेलवे फाटक बंद होने से पूरे शहर में लगा रहा जाम

आठ घंटे रेलवे फाटक बंद होने से पूरे शहर में लगा रहा जाम

HighLights

  1. पकरी रेलवे फाटक आठ घंटे बंद रहा।

  2. पूरे भदोही शहर में भीषण जाम लगा।

  3. ट्रैक मरम्मत कार्य से यातायात बाधित हुआ।

जागरण संवाददाता, भदोही। यातायात समस्या से जूझ रही कालीन नगरी में शनिवार को उस समय ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई जब ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते रेलवे ने पकरी रेलवे फाटक बंद करा दिया। सुबह आठ बजे गेट बंद हुआ तो शाम पांच बजे खुला।

इस बीच वाहनों का सारा दबाव स्टेशन, लिप्पन तिराहे पर आ गया। इससे लिप्पन तिराहा जाम की जद में आ गया। सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक वाहनों के पहिये रेंगते रहे। इस दौरान उमस भरी गर्मी में लोग परेशानहाल रहे।

गजिया ओवरब्रिज से लेकर मेनरोड तकिया कल्लन शाह, स्टेशन रोड पर लिप्पन तिराहे से लेकर डाकघर तक वाहनों की कतार लगी रही। ओवरब्रिज व सर्विसलेन पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई थी। स्कूलों की छुट्टी होने के बाद दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक स्कूली वाहन जाम में फंसे रहे।

लिप्पन तिराहे से लेकर महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल तक वाहनों की कतार लग गई थी। उधर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नियुक्त ट्रैफिक पुलिस के जवान व होमगार्ड इधर उधर भाग दौड़ कर पसीना बहाते रहते हैं।

हर रोज लिप्पन तिराहा जाम की चपेट में रहता है। हाल यह है कि जाम से बचने के लिए अधिकतर लोग पकरी फाटक होते हुए सिविल लाइंस मार्ग से आवागमन करते हैं। शनिवार को सिविल लाइंस मार्ग बंद होने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई।

पूर्व सूचना न होने के कारण पकरी फाटक की ओर से जाने वाले वाहन चालकों को बैरंग होना पड़ता। फाटक बंद होने के कारण मालवाहक वाहन चालक बेबस हो गए। रेलवे फाटक के दोनों ओर की वाहन पार्क कर इंतजार करने के अलावा उनके पास कोई रास्ता नहीं था।

पैदल राहगीर तो ट्रैक पार कर आवागमन करते रहे लेकिन वाइक व छोटे चार पहिया वाहनों को वापस होना पड़ा। यह क्रम सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चलता रहा। इस दौरान रेल अधिकारियों को लोग कोसते रहे।

यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को संजीवनी, जिले को मिलेंगे 17 नए एक्सरे टेक्नीशियन