विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही में जूट की तरह खुले सिल्क केंद्र, तब निर्यातकों को मिल सकेगी राहत, चमकेगा उद्योग

By Jitendra Upadhyay Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 02:50 PM (IST)

भदोही में जूट आउटलेट की तर्ज पर सिल्क केंद्र खुलने से कालीन निर्यातकों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि सिल्क धागों ...और पढ़ें

भदोही में सिल्क केंद्र खुलने से कालीन उद्योग को मिलेगी नई उड़ान निर्यातकों को राहत।

भदोही में सिल्क केंद्र खुलने से कालीन उद्योग को मिलेगी नई उड़ान निर्यातकों को राहत।

HighLights

  1. भदोही में जूट आउटलेट की तरह सिल्क केंद्र की मांग।

  2. सिल्क धागों की बढ़ती कीमतें निर्यातकों के लिए बड़ी चुनौती।

  3. वैश्विक मांग के बावजूद सिल्क आपूर्ति में कमी से उद्योग प्रभावित।

जागरण संवाददाता, भदोही। वैश्विक मंदी के दौर में कालीन बुनाई में प्रयुक्त होने वाले जूट उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भदोही में जूट कारपोरेशन आफ इंडिया ने आउटलेट कार्यालय खोल दिया है। जूट निर्मित कालीनों का उत्पादन करने वाले निर्यातकों को इससे बड़ी राहत मिली है। इसी तरह भदोही में सिल्क केंद्र भी खुल जाए तो और उद्योग को काफी मजबूती मिल जाएगी।

निर्यातकों के अनुसार जर्मनी, आस्ट्रेलिया, फ्रांस सहित विश्व के लगभग सभी देशों में सिल्क निर्मित कालीनों की मांग में वृद्धि हुई है। ऐसे में भदोही के 80 प्रतिशत से अधिक निर्यातक कालीन उत्पादन में सिल्क धागों का उपयोग कर रहे हैं। हालांकि जैसे-जैसे मांग बढ़ रही है, कीमतों में भी वृद्धि हो रही है।

वाराणसी के सिल्क एक्सचेंज परिसर में कर्नाटका सिल्क मार्केटिंग बोर्ड लिमिटेड की ओर से विक्रय केंद्र खोला गया था, लेकिन केंद्र से धागों की बिक्री प्रारंभ नही हो सकी। इसलिए आज भी लोग सिल्क धागों की खरीदारी कर्नाटक से करने के लिए विवश हैं।

निर्यातकों का कहना है कि देश में जो कच्चा सिल्क आ रहा है उसका धागा कर्नाटका में तैयार होता है। कच्चा माल कम आने और डिमांड बढ़ने से इसकी कीमत बढ़ गई है। दो साल पहले तक 1400 से 2200 रुपये किलो मिलने वाला सिल्क धागा इस समय 2200 से 3000 रुपये किलो पहुंच गया है।

चीन व टर्की हैं सिल्क के बडे बाजार
देश में नेपाल, चीन और टर्की से कच्चा सिल्क आयात होता है। चीन और टर्की विभिन्न देशों से सिल्क का आयात कर भंडारण करते हैं और उसे अन्य देशों को बेचते हैं। सिल्क का बड़ा बाजार यही दोनों देशों में हैं। करीब तीन साल पहले चीन से व्यापारिक संबंध प्रभावित होने से सिल्क का आयात और निर्यात कम हुआ है। जबकि विभिन्न देशों में सिल्क निर्मित कालीन उत्पादों की डिमांड बढ़ी है और उत्पादन घट गया है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद खाड़ी देशों में मची उथल पुथल के कारण वैश्विक मंदी का असर तो है ही जर्मनी, फ्रांस, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड से सिल्क का आयात काफी कम हो गया है।

कालीन उत्पादों में आम तौर पर सिल्क, वीस्कोस, बंबू सिल्क, केला सिल्क व पैट यार्न की सर्वाधिक खपत है। मशीन मेड कालीनों में इसका अत्यधिक उपयोग होता है। विशेषकर सिल्क धागों से बना कालीन अमेरिका में काफी पंसद किया जाता है। वाराणसी केंद्र से सिल्क बिक्री नहीं हो सकी इससे भदोही में कार्यालय खुलना जरूरी है।
-संजय गुप्ता, सदस्य प्रशासनिक समिति (सीईपीसी)

समय से साथ कालीनों में भी चमकदमक बढ़ी है। यह सिल्क धागों से ही आती है। भदोही में जूट कारपोरेशन का आउटलेट कार्यालय खुल गया है पर सिल्क धागों के लिए अभी कर्नाटका पर ही निर्भरता है। वाराणसी में सिल्क कार्यालय नहीं खुल सका पर कालीन उद्योग की बेहतरी को इसे भदोही में खुलना चाहिए। इससे काफी राहत मिल जाएगी।
यादवेंद्र राय काका, निर्यातक

वाराणसी में कर्नाटका सिल्क मार्केटिंग बोर्ड की ओर से विक्रय केंद्र खोला गया था लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण यह बंद हो गया। विभाग की ओर से कंपनी को पत्राचार भी किया गया। शासन स्तर से भी पत्र भेजा जा चुका है।
अनिल कुमार राव, सहायक निदेशक रेशम (वाराणसी परिक्षेत्र)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।