Bhadohi Pandal Fire Accident: हादसे में मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख की आर्थिक मदद, शासन से मिली स्वीकृति
Bhadohi Pandal Fire Accident - जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जयादेवी और शिवपूजन के स्वजन को कृषि दुर्घटना बीमा योजना के तहत उनकी फाइल की स्वीकृति कराते हुए शासन से दस लाख की रुपये की धनराशि स्वीकृत करा दी है।
भदोही, जागरण संवाददाता। नरथुआ गांव में रविवार को पूजा पंडाल में आग से छह लोगों की मौत हो गई थी। इलाज के दौरान मृत जया देवी व शिवपूजन के स्वजन को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच-पांच लाख रुपये की धनराशि की डीएम ने स्वीकृति कराई। वहीं वाराणसी के बीएचयू, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में जाकर भर्ती मरीजों का हाल जाना।
पूजा पंडाल में आग के चलते 73 लोग झुलस गए थे। सभी को बीएचयू, कबीरचौरा, डीडीयू, प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल और सूर्या ट्रामा सेंटर औराई में भर्ती कराया गया था। इसमें जया देवी, शिवपूजन समेत छह लोगों की मौत हो गई जबकि 68 लोगों का इलाज चल रहा है।
एक-दो दिन में मिल जाएगा चेक
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने जयादेवी और शिवपूजन के स्वजन को कृषि दुर्घटना बीमा योजना के तहत उनकी फाइल की स्वीकृति कराते हुए शासन से दस लाख की रुपये की धनराशि स्वीकृत करा दी है। एक दो दिन में दोनों परिवारों को पांच-पांच लाख का चेक मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री खुद कर रहे मानीटरिंग
डीएम ने कहा पूरे मामले की मानीटरिंग मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे हैं। उन्हें पल-पल की जानकारी दी जा रही है। झुलसे मरीजों का अस्पताल में अच्छा इलाज चल रहा है। उसका भुगतान जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा।
वाराणसी प्रशासन से मिल रहा सहयोग
डीएम गौरांग राठी ने कहा कि मंगलवार को उन्होंने वाराणसी जाकर भर्ती लोगों को देखा। चिकित्सकों से उनका बेहतर इलाज का अनुरोध किया है। वाराणसी प्रशासन का अच्छा सहयोग मिल रहा है।
गैस सिलेंडर में लगी आग, परिवार के लोग घर से बाहर भागे
भदोही। औराई के डिहवा गांव में मंगलवार की रात खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। घर की महिलाएं और पुरुष घबराहट में घर छोड़कर बाहर भाग गए। डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीआरवी वाहन कर्मियों ने जूट के बोरे से भभक रहे सिलेंडर को ढक दिया और आग पर काबू पाया।
अजीत दुबे का परिवार रसोईघर में गैस चूल्हे पर भोजन पका रहा था। इसी बीच रेगुलेटर से अचानक गैस लीक करने लगी। कुछ ही देर में रेगुलेटर में आग लग गई। आग लगते ही अजीत दुबे के घर की महिलाएं चिल्लाते हुए बाहर भागी, जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए थे।