Bhadohi News: भदोही में पंचायत सहायक की हत्या, शव नदी में फेंका, घटना में सामने आया ये कारण
Bhadohi News- भदोही के याकूबपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य माला देवी का पुत्र शशिकांत गांव में ही पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत था। रविवार को सुबह 5.30 बजे वह वाराणसी जाने के लिए घर से निकला था।
भदोही, जागरण संवाददाता। याकूबपुर के पंचायत सहायक शशिकांत (25) की हत्या कर शव को रस्सी से बांध कर तुलसी चक गांव के पास वरुणा नदी में फेंक दिया। रविवार को दोपहर बाद नदी में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
पिता शिवकुमार की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई। इसमें तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का कारण चुनावी रंजिश बताई जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने घटना स्थल का जायजा लिया।
लोगों ने देखा नदी में उतराया शव
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। भदोही के याकूबपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य माला देवी का पुत्र शशिकांत गांव में ही पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत था। रविवार को सुबह 5.30 बजे वह वाराणसी जाने के लिए घर से निकला था। दोपहर बाद एक शव तुलसीचक गांव के पास वरुणा नदी उतराया मिला। आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो इसकी जानकारी पुलिस को दी।
देखते ही देखते घटना स्थल पर बड़ी संख्या में गांव के लोगों की भीड़ गई। उसका हाथ- पैर बंधा था तथा चेहरे पर चोट के निशान थे। पहचान होते ही गांव के लोगों इसकी जानकारी तत्काल मृतक शशिकांत के परिवार को दी।
परिवार को नहीं हो रहा था विश्वास
परिवार के लोग भी एक बारगी घटना को लेकर विश्वास नहीं कर रहे थे। उनका कहना था कि शशिकांत वाराणसी के लिए निकला है। वह जब घटना स्थल पर पहुंचे तो शव देख अवाक रह गए। आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश में उसके बेटे की हत्या कर दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कही यह बात
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।