भदोही में 4.92 करोड़ की लागत से बन रहा मिनी स्टेडियम, जल्द उपलब्ध होंगी खेल की आधुनिक सुविधाएं
ज्ञानपुर के पीएमश्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा मिनी स्टेडियम अपने अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने से खिलाड़ियों और छात्र-छात्राओं को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी।

वीएनजीआईसी के मैदान में निर्माणाधीन खेल स्टेडियम का भवन।
HighLights
ज्ञानपुर में 4.92 करोड़ का मिनी स्टेडियम बन रहा।
निर्माण कार्य 80 प्रतिशत पूरा, अंतिम दौर में।
आधुनिक खेल सुविधाएं खिलाड़ियों, छात्रों को मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही)। माध्यमिक शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित पीएमश्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज ज्ञानपुर के मैदान में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंचने लगा है। इसमें खेल की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होते देख खिलाड़ियों व छात्र-छात्राओं में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगने लगी है।
शासन की ओर से राजकीय विद्यालयों को सुविधा संपन्न बनाने को लेकर तमाम कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विद्यालयों में भवन निर्माण से लेकर मल्टी परपज हाल, शौचालय, पेयजल, पुस्तकालय आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी तरह पीएमश्री स्कूल विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में खेल की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चार करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से इनडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण का जिम्मा कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम (यूपी सिडको) को दिया गया है। स्टेडियम का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
क्या उपलब्ध कराई जा रही स्टेडियम में सुविधाएं
वीएन जीआइसी में बन रहे मिनी स्टेडियम में मल्टी स्टोर हाल, सीसी रोड, पानी निकासी के लिए सीसी ड्रेन, विभिन्न खेलों के ट्रैक से सुसज्जित खेल मैदान के साथ सबमर्सिबल पंप, दर्शकों को बैठने के लिए दर्शक दीर्घा के साथ फ्लड लाइट आदि का निर्माण कराया जाएगा।
पीएमश्री विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज में मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंच चुका है। स्टेडियम का निर्माण होने से छात्र-छात्राओं व खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी। -अंशुमान, जिला विद्यालय निरीक्षक।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।