भदोही में निर्माणाधीन मकान का लिंटर ढहा, मलबे में दबकर मजदूर की मौत
भदोही के जीयनपुर गांव में निर्माणाधीन मकान का लिंटर ढहने से एक मजदूर की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भदोही के जीयनपुर गांव में लिंटर ढहने से हादसा।
एक मजदूर चंद्रेश कुमार की मौत, एक अन्य घायल।
नम मिट्टी के कारण शटरिंग दबना हादसे की वजह।
जागरण संवाददाता, भदोही। सुरियावां थाना क्षेत्र के जीयनपुर गांव में मंगलवार की रात निर्माणाधीन मकान में चल रही ढलाई के दौरान लिंटर ढह जाने से मलवे में दबकर काम कर रहे बीरमपुर निवासी मजदूर 50 वर्षीय चंद्रेश कुमार उर्फ सभापति की मौत हो गई।
जबकि बैरी परवा निवासी 40 वर्षीय बल्लू घायल हो गया। घटना के बाद मची चीख पुकार पर मौके पर जुटे ग्रामीणों सहित पुलिस व फायर ब्रिग्रेड दल की टीम ने मलवा हटाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। थाने की पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
जीयनपुर गांव निवासी संतलाल द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा था। शटरिंग कर मंगलवार की शाम से छत की ढलाई का कार्य शुरू किया गया था। ढलाई के दौरान रात लगभग साढ़े आठ बजे अचानक शटरिंग सहित लिंटर ढह गया। इससे नीचे देखभाल में लगे चंद्रेश व बल्लू दब गए।
पुलिस ने शुरू की घटना की जांच
लिंटर ढहने की तेज आवाज को सुनकर आस पास के ग्रामीण व काम कर रहे अन्य मजदूर मलवा हटाने में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिग्रेड दल के लोग भी बचाव कार्य में लग गए। हालांकि जब तक मलवा हटाया जाता चंद्रेश की मौत हो चुकी थी। जबकि बल्लू को हल्की चोट आई थी।
जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में भर्ती कराया गया। जानकारी होते ही मृतक के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। उधर घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शुभम अग्रवाल व सीओ भदोही सुमित कुमार त्रिपाठी ने भी पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के बारे में लोगों से पूछताछ की। बताया कि लिंटर ढहने से हादसा हुआ है। मौके पर स्थिति सामान्य करा दी गई है।
मिट्टी दबने से घटी घटना
निर्माणाधीन मकान की नींव में मिट्टी की भराई कराई गई थी। बारिश के चलते मिट्टी नम थी। शटरिंग कर छत की ढलाई करने के दौरान वजन के चलते नीचे की मिट्टी बैठने से शटरिंग दबने लगा। जिसे देख ढलाई कार्य में लगे राजगीर व मजदूर बल्लियों को ठीक करने का प्रयास करने लगे लेकिन संभाल नहीं पाए। अचानक शटरिंग सहित लिंटर ढह गया और मृतक व घायल मलवे के नीचे आकर दब गए।
