लघु सिंचाई योजना: खेतों में बोरिंग कराने पर सरकार किसानों को देगी बंपर सब्सिडी, कनेक्शन के लिए मिलेंगे 68 हजार रुपये
प्रदेश सरकार लघु सिंचाई योजना के तहत किसानों को खेतों में बोरिंग कराने पर 50% तक अनुदान दे रही है, साथ ही विद्युतीकरण के लिए ₹68,000 अतिरिक्त मिलेंगे।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
किसानों को बोरिंग पर 50% तक अनुदान मिलेगा।
विद्युतीकरण के लिए ₹68,000 का अतिरिक्त अनुदान।
भदोही के 197 किसानों को मिलेगा योजना का लाभ।
जागरण संवाददाता, भदोही। किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने व खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा लघु सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत खेतों में बोरिंग कराने पर किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा।
साथ बोरिंग के विद्युतीकरण के लिए 68 हजार रुपये का अनुदान अलग से दिए जाने का प्रावधान है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए निजी संसाधन विकसित करने में जहां आर्थिक मदद मिलेगी वहीं फसलों की सिंचाई के लिए वर्षा पर निर्भरता कम करने में सहायता मिलेगी।
सहायक अभियंता लघु सिंचाई लख्ते हसन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भदोही जिले के 197 किसानों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें गहरी बोरिंग कराने वाले 85 व मध्यम बोरिंग कराने वाले 112 किसान शामिल हैं।
कहा कि खेत में पानी उपलब्ध होने से किसान अपनी जरूरत के अनुसार से खेतों में सिंचाई की व्यवस्था विकसित कर सकेंगे। समय पर पानी उपलब्ध होने से फसलों की देखभाल आसान होगी और खेती-किसानी के कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।
सिंचाई सुविधा बढ़ाने पर जोर
खेती में सिंचाई की उपलब्धता किसानों की आय व फसल उत्पादन से सीधे जुड़ी होती है। समय पर पानी नहीं मिलने से फसलों की पैदावार प्रभावित होती है। ऐसे में किसानों की लागत भी बढ़ जाती है। बोरिंग के लिए अनुदान मिलने से किसानों को अपने खेतों में सिंचाई की सुविधा विकसित करने में आर्थिक सहारा मिलता है।
