आटो चालकों का विवाद, पिस रही है जनता
राजमार्ग पर चलने वाले आटो चालकों की विवाद में पिछले कई दिनों यात्री परेशान हो रहे हैं। यात्रियों को बीच रास्ते में उतार दिया जा रहा है। इससे उन्हें दिक्कत उठाने के साथ मनमानी किराए के रूप में आर्थिक शोषण का भी शिकार होना पड़ रहा है। इसके बाद भी स्थिति यह है कि राजमार्ग पर स्थित विभिन्न थानों की पुलिस इससे अनभिज्ञ बनी हुई है।
जागरण संवाददाता, ऊंज (भदोही) : राजमार्ग पर चलने वाले आटो चालकों की विवाद में पिछले कई दिनों यात्री परेशान हो रहे हैं। यात्रियों को बीच रास्ते में उतार दिया जा रहा है। इससे उन्हें दिक्कत उठाने के साथ मनमानी किराए के रूप में आर्थिक शोषण का भी शिकार होना पड़ रहा है। इसके बाद भी स्थिति यह है कि राजमार्ग पर स्थित विभिन्न थानों की पुलिस इससे अनभिज्ञ बनी हुई है। जबकि किसी भी समय किसी बड़े विवाद की संभावना बनी हुई है। यात्रियों ने आए दिन विवाद करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रयागराज के बरौत बाजार व भदोही के गोपीगंज के आटो रिक्शा चालकों के बीच कुछ दिन पूर्व सवारियों को लादने-उतारने व नंबर लगाने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद से दोनों जिलों के कुछ आटो चालक अपनी दबंगई दिखा रहे हैं। दोनों जिले के चालक दूसरे जिले में आटो लेकर नहीं जा रहे हैं। गोपीगंज व बरौत के ओर से सवारी लेकर चलने वाले आटो चालक जनपद सीमा ऊंज पर पहुंचते ही यात्रियों को उतार दे रहे हैं। यात्रियों द्वारा बीच रास्ते में उतारने का विरोध करने पर उनसे विवाद भी कर लिया जा रहा है। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। कमलेश मौर्य, आशु कुमार आदि चालकों सहित यात्रियों ने मामले को स्वत: संज्ञान में लेकर कार्रवाई की मांग की है।