अंगुलियों की कला ने भदोही की कालीन को विश्व में दिलाई पहचान, डालर में हो रही कमाई
भदोही की हस्तनिर्मित कालीनें अपनी जटिल बुनाई और वैश्विक पहचान के लिए प्रसिद्ध हैं, जो कारीगरों के अथक श्रम का परिणाम हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'एक जिला एक कला' पहल से इस सदियों पुरानी कला को और बढ़ावा मिलने तथा रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

अंगुलियों की कला ने भदोही की कालीन को विश्व में दिलाई पहचान।
HighLights
भदोही की हस्तनिर्मित कालीनें विश्वभर में अपनी पहचान बनाती हैं।
कारीगर महीनों के श्रम से जटिल और कलात्मक कालीन बुनते हैं।
'एक जिला एक कला' पहल से हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
जितेंद्र उपाध्याय, जागरण, भदोही। गांव की गलियों से लेकर घर के आंगन तक करघों की खटर-पटर सुनाई दे तो समझ जाइए कि हस्तशिल्पी के हाथ और उनके औजार बोल रहे हैं। ताने-बाने के बीच ऊन के रंगीन धागों को पिरोकर यह ऐसी कलाकृतियां उकेरते हैं जिनकी चमक सात समंदर पार तक पहुंचती है।
पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही इस कला के जानकारों ने अपनी अंगुलियों के जादू से कलात्मक कालीन तैयार कर भदोही को विश्व फलक पर चमकाने में विशेष योगदान दिया है। एक-एक गांठ से महीनों का श्रम, कला और अनुभव समाहित होकर एक कालीन तैयार होता है। गत दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक जिला एक कला की घोषणा के बाद इस हस्तकला को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जगी है।
हस्तनिर्मित कालीन तैयार करने की प्रक्रिया जितनी कठिन है, उतनी ही कलात्मक भी। बुनकर सबसे पहले लूम (करघे) पर ताना तैयार करते हैं। इसके बाद ऊन के रंगीन धागों को डिजाइन के मुताबिक एक-एक गांठ में पिरोया जाता है। प्रत्येक गांठ को छूड़ा (बुनाई में प्रयुक्त विशेष औजार) से काटकर बराबर किया जाता है। एक पंक्ति पूरी होने पर ठर्री यानी काले रंग के सूती धागे से बनी मोटी रस्सी की परत चढ़ाई जाती है।
फिर पंजा से दबाकर बुनाई को मजबूत किया जाता है। इससे एक कालीन तैयार करने में एक महीना या इससे भी ज्यादा समय लगता है। इस प्रक्रिया को दोहराते हुए बुनकर कालीन की डिजाइन को आकार देते हैं। गत दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक जिला एक कला की घोषणा के बाद हस्तशिल्पियों में उम्मीद जगी है। सरकार बुनकरों के हुनर को प्रोत्साहित करेगी तो युवा पीढ़ी खासकर महिलाओं का रोजगार और बढ़ जाएगा।
मुगलकाल में ही शुरू हो गई थी कालीन की बुनाई
बताया जाता है कि मुगलकाल में ही भदोही में कालीन बुनाई का कार्य शुरू हो गया था। उस समय बुनकरों द्वारा तैयार किए गए इस उत्पाद को शाही कालीन कहा जाता था। ब्रिटिश काल में 1850 के आसपास निर्यात शुरू हुआ। 1850 के आसपास खमरिया में ब्रिटिश ई-हिल कंपनी खुली थी। इसके बाद टेलरी एंड संस और गोपीगंज में ओबीटी जैसी कंपनियां आईं। 1947 तक कालीन निर्यात लगभग एक करोड़ रुपये तक होता था, पर इन्हीं हस्तशिल्पियों की बदौलत इसमें अप्रत्याशित उछाल आया और निर्यात 17 हजार करोड़ तक पहुंच गया।
------
दो पीढ़ियों से कालीन बुनाई का कार्य कर रहे हैं। परिवार का खर्च चल जाता है और घर के जरूरी काम भी हो जाते हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा से लगने लगा है कि अब इस कला को और बढ़ावा मिलेगा।
- मोतीलाल गुप्ता, बुनकर भिदिउरा
-----
कालीन बुनाई में धैर्य की जरूरत है। यह एक कला है, जो इसमें पारंगत है वही कालीन बुन सकता है। मुख्यमंत्री ने कला पर ध्यान दिया है तो निश्चित ही इसमें और निखार आएगा।
- राजेंद्र प्रसाद, बुनकर, भिदिउरा
हैंडनाटेट कालीन बनाना ऐसी कला है, जिसे पारंगत बुनकर ही कर सकते हैं। इस कला को बढ़ावा मिलना जरूरी है। इससे जिले में बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं। इसकी पहचान व विस्तार के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
अनिल कुमार सिंह, जिलाधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।