भदोही में 14 हजार दिल के मरीज, विशेषज्ञ एक भी नहीं, ठंड बढ़ाएगी मुश्किलें
भदोही जिले में हृदय रोगियों की संख्या बढ़कर 14 हजार हो गई है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में एक भी हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं है, जिससे ठंड में मरीजों की मुश्किलें बढ़ेंगी। क्रिटिकल केयर यूनिट भी अधूरी है और बुजुर्गों को सर्दियों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि उन्हें इलाज के लिए वाराणसी या प्रयागराज जाना पड़ता है।

भदोही में हृदय रोगियों की बढ़ती संख्या, विशेषज्ञ की कमी से बढ़ी चिंता।
HighLights
भदोही में 14 हजार हृदय रोगी, विशेषज्ञ की भारी कमी।
सरकारी अस्पतालों में कार्डियोलॉजिस्ट नहीं, मरीज परेशान।
ठंड में बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
जितेंद्र उपाध्याय, जागरण, भदोही। बदलती जीवनशैली, खानपान में अनियमितता, शारीरिक गतिविधियों में कमी, तनाव, मोटापा, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं हृदय रोग का खतरा बढ़ा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2024 में जिले में हृदय रोगियों की संख्या 12 हजार थी, जो अब बढ़कर लगभग 14 हजार हो गई है।
यानी दो वर्षों में मरीजों की संख्या में दो हजार का इजाफा हुआ है। पर आश्चर्य यह कि 20 लाख की अधिक आबादी वाले जिले में सरकारी अस्पतालों में एक भी कार्डियोलाजिस्ट नहीं हैं। इससे इस बार की ठंड में हृदय रोगियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। मरीजों को वाराणसी, प्रयागराज जिले का रुख करना पड़ेगा।
बुजुर्गों की सेहत का रखें ध्यान
जिले में 70 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 30 हजार बुजुर्ग हैं। उम्र बढ़ने के साथ शरीर की प्रतिरोधक क्षमता और हृदय की कार्यक्षमता प्रभावित हो जाती है। जिन बुजुर्गों को पहले से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, धमनियों में रुकावट या हृदय संबंधी बीमारी है, उन्हें सर्दियों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
ठंड के कारण रक्त वाहिकाएं सिकुड़ सकती हैं, इससे रक्तचाप बढ़ने और हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में सुबह और देर रात का कम तापमान जोखिम बढ़ा सकता है। खासकर ऐसे मरीजों को नियमित दवा, समय-समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
क्रिटिकल केयर यूनिट अधूरी, विशेषज्ञ का पद भी खाली
हृदय रोगियों को बेहतर और आपातकालीन उपचार उपलब्ध कराने के लिए सौ शैय्या अस्पताल सरपतहां में क्रिटिकल केयर यूनिट की व्यवस्था की जा रही है। यहां इसके लिए एक पद भी सृजित है, लेकिन भवन का निर्माण अधूरा है। वहीं जिला अस्पताल में हार्ट अटैक के कुछ मामलों में स्टेमी के तहत इंजेक्शन से उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
हालांकि, मरीज की स्थिति, बीमारी की गंभीरता और उपचार मिलने के समय के आधार पर इस व्यवस्था की उपयोगिता निर्भर करती है। गंभीर मरीजों को आगे की विशेषज्ञ चिकित्सा की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में जिले में हृदय रोग विशेषज्ञ और समुचित आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।
गोल्डन आवर में उपचार मिलने से बच सकती है जान
हृदयाघात यानी हार्ट अटैक की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण है। सीने में दबाव या दर्द, दर्द का हाथ, कंधे, पीठ अथवा जबड़े तक फैलना, सांस फूलना, अचानक ठंडा पसीना आना, मितली और चक्कर आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। कई बार बुजुर्गों और मधुमेह के मरीजों में लक्षण स्पष्ट नहीं होते। ऐसे संकेतों को गैस, थकान या सामान्य कमजोरी समझकर टालना खतरनाक हो सकता है।
लक्षण दिखने पर घरेलू उपचार के बजाय तत्काल एंबुलेंस की सेवा लेनी चाहिए। ठंड में हृदय रोगियों को अपनी दिनचर्या में भी बदलाव करने की जरूरत है। अत्यधिक ठंड में सुबह जल्दी टहलने से बचें। मौसम सामान्य होने पर हल्की सैर करें और शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें। सिर, कान, हाथ और पैरों को ठंड से बचाएं। डा. आरबी पाठक, डिप्टी सीएमओ
जिला अस्पताल महाराजा चेत सिंह, ज्ञानपुर शौ शैय्यायुक्त संयुक्त अस्पताल सरपतहां और महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में स्टेमी के तहत इंजेक्शन से उपचार उपलब्ध है, पर यह संपूर्ण उपचार नहीं है। ऐसे में मरीजों को उच्च अस्पताल रेफर किया जाता है। क्रिटिकल यूनिट बन जाने से समस्या नहीं होगी।
डा. ओपी शुक्ल, सीएमओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।