मछली की रखवाली कर रहे युवक का तालाब में मिला शव
नगर बाजार के दक्षिण टोला की घटना
बस्ती: नगर बाजार के दक्षिण टोला निवासी एक युवक का शव तालाब में मिला है। उसे मछली की रखवाली के लिए लगाया गया था।
बुधवार की सुबह सात बजे कुछ मछुआरे तालाब में मछली मारने के लिए आए थे। इसी बीच उनकी नजर तालाब में एक युवक के शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आस पास के लोग भी एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। तालाब के मालिक नेउर ने मृतक की पहचान अशोक कुमार(30) के रूप में की। बताया कि अशोक उन लोगों के साथ ही रात भर मछली की रखवाली कर रहा था। सुबह छह बजे वह तालाब से वापस घर चले गए। सात बजे पता चला कि उसका शव तालाब में पड़ा है। नेउर ने आशंका जताई कि नाव पर संतुलन बिगड़ने से अशोक गहरे पानी में गिर गया होगा, जिससे डूबने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। मृतक उसका पड़ोसी था। एसओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल सकेगा।