दीवार गिरने से मजदूर की मौत
मजदूरी के दौरान गिरी दीवार में दब गया था मजदूर
बस्ती : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसपुरा अंतर्गत पटियवा गांव निवासी 55 वर्षीय मजदूर रामरूप पुत्र सोमई की शुक्रवार को दिन में 10 बजे परसपुरा गांव में मजदूरी करते समय दीवार गिरने से दबकर मौत हो गई। गांव में मुन्नीलाल के मकान निर्माण के लिए नींव की खोदाई व अगल-बगल की जमीन की सफाई का कार्य चल रहा था। इस कार्य में मजदूर रामरूप भी लगे थे। इसी दौरान अचानक बगल में स्थित बवंडली के पुराने मकान की दीवार भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक वह दीवार के नीचे दबकर बुरी तरह से घायल हो गए। गांव के लोग आनन-फानन में उन्हें कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं मौके पर काम कर रहे अन्य मजदूर जगन्नाथ, राम जनक व शुभम ने घटना के दौरान भागकर अपनी जान बचाई। जगन्नाथ के अंगूठे में चोट आई है। दुर्घटना की सूचना जब परिजनों को मिली तो उनके ऊपर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। जो जहां था वहीं से अस्पताल की ओर भागा। अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों की चीत्कार सुनाई दे रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। कप्तानगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक सतानंद पांडेय ने बताया कि दीवार गिरने से मजदूर की मौत हुई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज होगा।