भूमि विवाद में चाकू से गोद कर महिला की हत्या
आरोपित के परिजनों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
जागरण संवाददाता, छावनी, बस्ती: थाना क्षेत्र के इंदौली गांव में विवादित भूमि में पशु बांधने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पक्ष की महिला पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
गांव निवासी रामभवन यादव जो कि प्राथमिक विद्यालय पखेरवा कला में शिक्षामित्र के पद पर तैनात है, ने बताया कि उनकी पत्नी विद्या देवी दरवाजे के सामने अपनी भूमि पर गाय बांधने गईं थी। इसी बीच दूसरे पक्ष के रामसागर की पत्नी बड़का देवी ने ऐसा करने से मना किया। दोनो महिलाओं में कहासुनी होने लगी। दोनो पक्षों में मारपीट के दौरान राम सागर ने चाकू से उनकी पत्नी 40 वर्षीय विद्या के सीने पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह व प्रभारी निरीक्षक सौदागर राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष और गांव के लोगों से पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतका के पति ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपित के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
छह धुर भूमि बनी हत्या की वजह
ग्रामीणों की माने तो विद्या देवी की हत्या की वजह छह धुर भूमि का विवाद बनी। राम सागर व राम भवन यादव के बीच यह विवाद बहुत पुराना है। विवादित भूमि राम भवन के दरवाजे पर न होकर कहीं दूसरी जगह हैं, लेकिन मनबढ़ई के चलते राम सागर इस भूमि की दावेदारी राम भवन के दरवाजे पर करता था। इसी को लेकर दो वर्ष पूर्व भी विवाद हुआ था। मामला पुलिस तक पहुंचा मगर ग्रामीणों की मध्यस्थता से मामला निपट गया था।
ममता की छांव से वंचित हो गए पांच बच्चे
विद्या देवी की हत्या के बाद उनके पांच बच्चे मां की ममता के छांव से वंचित हो गए। बेटा दीपक मां की मौत का सदमा बर्दाश्त न कर सका और बेहोश हो गया। बेटी संध्या, विनीता, आकांक्षा व बेटे कार्तिक के करुण क्रदंन से ग्रामीणों की आंखें नम हैं।