ट्रांसफार्मर फुंका, 11 घंटे प्रभावित रही आपूर्ति
कंपनीबाग एलटी विद्युत उपकेंद्र पर स्थापित 400 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार को सुबह खराब हो गया
बस्ती : कंपनीबाग एलटी विद्युत उपकेंद्र पर स्थापित 400 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे अचानक जलने लगा। धीरे-धीरे आग फैलने लगी। कर्मचारियों ने किसी तरह आग बुझाई। इससे आवास विकास, स्टेडियम कालोनी, सिविल लाइन, कंपनीबाग मोहल्ले की आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक बार आपूर्ति बहाली का प्रयास किया लेकिन ट्रांसफार्मर दगा दे गया। बाद में गिदही कार्यशाला से नया ट्रांसफार्मर मंगाया गया। क्रेन से जला ट्रांसफार्मर निकालने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। वैकल्पिक तौर पर मोबाइल ट्रांसफार्मर से आपूर्ति बहाल कराई गई। कुल मिला कर 11 घंटे आपूर्ति बाधित रही।
उप खंड अधिकारी मनोज यादव ने गिदही पावर हाउस से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नया ट्रांसफार्मर मंगाया। देर रात तक कर्मचारी ट्रांसफार्मर लगाने में जुटे रहे, पर लगा नहीं सके। आठ बजे रात तक किसी तरह से मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई। दुकानदार व आम उपभोक्ता दिनभर बिजली के लिए तरस गए। अवर अभियंता अमहट आशुतोष लाहिड़ी ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर नहीं लग सका। इसलिए दोबारा मोबाइल ट्रांसफार्मर मंगाया गया। आपूर्ति बहाल कर दी गई। गिदही में क्रेन न होने से ट्रांसफार्मर लाने में देरी हुई। यहां भी पुराना ट्रांसफार्मर नहीं निकाला जा सका। सोमवार को भी कार्य होगा।