दुर्घटना में मृतक के परिजनों को नहीं मिली आर्थिक सहायता
यमुना एक्सप्रेस-वे पर छह माह पहले अवध डिपो की जनरथ बस दुर्घटना में बस्ती के मृतक परिजनों को आर्थिक सहायता देने में परिवहन विभाग की ढिलाई सामने आई है।
बस्ती : यमुना एक्सप्रेस-वे पर छह माह पहले अवध डिपो की जनरथ बस दुर्घटना में बस्ती के मृतक परिजनों को आर्थिक सहायता देने में परिवहन विभाग की ढिलाई सामने आई है। शासन से सहायता के लिए अवमुक्त धनराशि भारतीय स्टेट बैंक कोर्ट एरिया में डंप पड़ी है। बावजूद इसके जिम्मेदार धनराशि को संबंधित पीड़ित परिवार को हस्तांतरित करने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
आठ जुलाई 2019 को लखनऊ से दिल्ली जा रही जनरथ बस में बस्ती जिले के बैरिहवा निवासी अंकुर श्रीवास्तव व गिधार पोस्ट भीतेहर निवासी कृपाशंकर चौधरी सवार थे। आगरा जिले में एत्मादपुर क्षेत्र में बस पुल से नीचे गिरी थी। उसमें दोनों की मृत्यु हो गई थी। हालांकि परिवहन निगम ने पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक मदद तो परिजनों को सौंपा, लेकिन परिवहन विभाग की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता आज तक नहीं मिली। परिवहन विभाग को दोनों मृतक परिजनों को 40-40 हजार रुपये दिए जाने हैं। इसके लिए शासन ने आगरा प्रशासन को 80 हजार रुपये भेजा। आगरा के अपर जिलाधिकारी ने बस्ती कोर्ट एरिया एसबीआइ बैंक में 80 हजार रुपये भेज दिया है। एआरटीओ प्रशासन अरुण प्रकाश चौबे ने कहा कि परिवहन विभाग को संबंधित पत्र नहीं मिला है। इस बारे में जानकारी की जाएगी। जल्द ही मृतक परिजनों को आर्थिक सहायता की रकम दी जाएगी।