सेल्फी लेने के चक्कर में डूब गया किशोर
दोस्तों के साथ घाघरा नदी में गया था नहाने - गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी पुलिस
बस्ती: थाना क्षेत्र के जितियापुर गांव निवासी शिवम गौतम गुरुवार को नहाते समय घाघरा नदी में डूब गया। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ हर्रैया शिव प्रताप सिंह व थानाध्यक्ष छावनी हरे कृष्ण उपाध्याय ने गोताखोरों की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू करा दी है।
थाना क्षेत्र के जितियापुर निवासी 17 वर्षीय शिवम गौतम पुत्र जोखू गुरुवार को दिन में तीन बजे घाघरा नदी में अपने दोस्त खम्हरिया निवासी सनी कुमार, छावनी निवासी कृष्ण मोहन सोनी, सत्यम कसौधन, विजय गुप्ता, सिरौली बाबू निवासी शैलेश गुप्ता व पंकज मौर्य घाघरा नदी में नहा रहे थे। इतने में न जाने उसे क्या सूझा कि वह सेल्फी लेने लगा। इसी बीच अनियंत्रित होकर शिवम गहरे पानी में चला गया। डूबते समय शिवम को सनी कुमार ने बचाने का प्रयास किया तो वह भी डूबने लगा। दोस्तों ने उसे अंगोछा पकड़ा कर बाहर निकाल लिया, मगर शिवम को डूबने से नहीं बचा पाए। उसके सभी दोस्त गुहार लगाते हुए नदी से बाहर आए और घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों को दी। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर पहुंची छावनी पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में उसकी तलाश कर रही है।