जिले में सात नए कोरोना पॉजिटिव मिले, संख्या हुई 155
एक सप्ताह पूर्व पति था कोरोना संक्रमित अब पत्नी हुई पॉजिटिव - दस सैंपल की जांच रिपोर्ट में तीन रिपोर्ट निगेटिव
जागरण संवाददाता, बस्ती : जिले में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। पिछले चार दिनों से लगातार संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से 10 की आई रिपोर्ट में तीन निगेटिव आई जबकि सात पॉजिटिव आए हैं। इसी के साथ बस्ती में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 155 हो गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या 111 है। तीन की मौत हो चुकी है। 41 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
दुबौलिया के सेमरा गांव में एक महिला व एक पुरुष पॉजिटिव आए हैं। 33 वर्षीय महिला का पति भी एक सप्ताह पूर्व कोरोना पॉजिटिव आया था। वह अस्पताल में भर्ती है। यहीं का 25 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव निकला है। भोगईपुरवा गनेशपुर में एक युवक पॉजिटिव आया है। युवक गांव में ही क्वारंटाइन था। इससे गांव में दहशत है। कुदरहा के गायघाट बाजार में एक अधेड़, बनकटी के बेहिल गांव का एक, विक्रमजोत के प्रतापगढ़ गांव का एक, सदर ब्लाक के नगरा रामपुर का एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है। एसीएमओ डा. फखरेयार हुसैन ने बताया कि ये सभी 21 मई को मुंबई व दिल्ली से लौटे थे। उसी दिन सैंपल लिया गया था। क्वारंटाइन सेंटर से इन सभी को लेवल-वन अस्पताल व लेवल-दो अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। अब तक 4953 सैंपल लिए जा चुके हैं। 4343 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें 4195 निगेटिव, 155 पॉजिटिव पाए गए हैं। 610 की रिपोर्ट प्रतीक्षारत है।