भूमि विवाद के निस्तारण को चलेगा आपरेशन मीडिएटर
न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण इस अभियान में नहीं शामिल होंगे।
जागरण संवाददाता, बस्ती : आपरेशन मीडिएटर अभियान के तहत निजी भूमि विवादों का निस्तारण कराया जाएगा। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं तहसीलदार को निर्देशित किया है कि वह नवंबर में प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शनिवार एवं रविवार को अभियान संचालित कराएं।
एक दिन में एक थाने का एक गांव चयनित किया जाएगा। न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण इस अभियान में नहीं शामिल होंगे। ग्राम प्रधान एवं अन्य संभ्रांत नागरिकों की उपस्थिति में आपसी बातचीत के आधार सुलह समझौता कराया जाएगा। इस दौरान विधिक प्रक्रिया का भी पालन किया जाएगा। निर्देश दिया कि जिन गांवों में भूमि विवाद की शिकायत ज्यादा है, पहले उन्हीं का चयन किया जाए। निस्तारण के लिए राजस्व निरीक्षक एवं पुलिस विभाग के उपनिरीक्षक की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। कहा कि भूमि विवाद के चलते ही अपराध में वृद्धि होती है। इसका कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।