महोत्सव की सफलता के लिए किया गया जनसंपर्क
ऐसे आयोजन में शासन की मंशा योजनाओं के प्रचार प्रसार के साथ स्थानीय प्रतिभाओं व उद्यमियों को मंच प्रदान करना है। जनसहभागिता से ही यह कार्यक्रम सफल होगा।
बस्ती : जीआइसी में 28 जनवरी से प्रस्तावित बस्ती महोत्सव की सफलता को लेकर मंगलवार को सघन संपर्क अभियान चलाया गया। इस आयोजन में जन भागीदारी पर जोर देते हुए लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई।
उन्नति सेवा चेरिटेबुल ट्रस्ट के आशुतोष नारायण मिश्र के संयोजन में सक्सेरिया इंटर कालेज में प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को महोत्सव के बारे में जानकारी दी गई। आह्वान हुआ सभी छात्र इस कार्यक्रम का हिस्सा बने। सहायक सूचना निदेशक प्रभाकर तिवारी ने कहा कि बस्ती महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का एक बड़ा अवसर है। इसमें भागीदारी कर अपनी मेधा का प्रदर्शन किया जा सकता है।
इस दौरान प्रधानाचार्य ओपी श्रीवास्तव, घनश्याम श्रीवास्तव, दीनानाथ, हरीराम, रामकेश चौधरी, विजय कुमार गुप्ता, आशा पांडेय, सुभाष चंद्र त्रिपाठी, महेश चंद्र त्रिपाठी, पं. बेनीमाधव त्रिपाठी, अभिषेक शुक्ल, मोहित शुक्ल मौजूद रहे।