सांसद ने पुलिस पर खडे़ किये सवाल
छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कबीर तिवारी की हत्या के मामले में सांसद हरीश द्विवेदी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खडे़ किये हैं। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुलिस को निष्क्रिय बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस निष्क्रिय रही।
बस्ती : छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कबीर तिवारी की हत्या के मामले में सांसद हरीश द्विवेदी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खडे़ किये हैं। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुलिस को निष्क्रिय बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस निष्क्रिय रही। घटना के बाद वह खुद कोतवाली पहुंचे। वहां एसपी नहीं थे। उन्हें बुलाना पड़ा। घटना से आहत लोगों को काफी समझाया बुझाया गया। तब जाकर हालात काबू में आए। कबीर के दोनों हमलावरों को जनता ने पकड़ा। पुलिस उसी को अपनी उपलब्धि मान रही है। चौबीस घंटे बीत जाने के बाद पुलिस घटना का सही ढंग से पर्दाफाश नहीं कर पाई। इस प्रकरण में प्रदेश के कई मंत्री, गृह सचिव, डीजीपी से उनकी वार्ता हुई है। शासन से एडीजी आशुतोष पांडेय भेजा गया है। उम्मीद है कि घटना के सभी साजिशकर्ता जल्द पकड़ लिए जाएंगे। एडीजी ने ऐसा आश्वासन भी दिया है।