श्रावण मास के पहले दिन शिवालयों में उमड़ी आस्था
श्रावण मास के पहले दिन बुधवार को शिवालयों में आस्था उमड़ी। बाबा भोलेनाथ आस्था के जल से नहलाए गए। मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज के बीच देवाधिदेव की पूजा अर्चना शुरू हो गई हैं। महिलाएं पुरुष बच्चे एक साथ भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए आराधना करते नजर आए।
बस्ती : श्रावण मास के पहले दिन बुधवार को शिवालयों में आस्था उमड़ी। बाबा भोलेनाथ आस्था के जल से नहलाए गए। मंदिरों में हर-हर महादेव की गूंज के बीच देवाधिदेव की पूजा अर्चना शुरू हो गई हैं। महिलाएं, पुरुष, बच्चे एक साथ भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए आराधना करते नजर आए। घंट-घड़ियाल, धूप, कपूर, अगरबत्ती, भांग, धतूर, फल, पुष्प आदि शिवलिग पर अर्पित किए गए। रुद्राभिषेक, भजन, कीर्तन के साथ धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जा रहे हैं। बाबा भद्रेश्वरनाथ धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया। यहां भोलेनाथ को जलाभिषेक के बाद दिन भर रुद्राभिषेक, भंडारा भी चलता रहा। मंदिर पर चहल-पहल पूरे दिन बनी रही। गोटवा संवाददाता के अनुसार बाबा जागेश्वर नाथ धाम तिलकपुर के शिव दरबार में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो गया। रुद्राभिषेक, सत्य नारायण की कथा और प्रसाद वितरण भी हुआ। परिसर में जगह-जगह पशु-पक्षियों के लिए मिट्टी के पात्र में जल रखे गए हैं। अटूट श्रद्धा के साथ लोग पूजन-अर्चन में जुट गए हैं। आचार्य राम बहाल त्रिपाठी, श्रवण कुमार, सभाजीत पांडेय, कमलेश त्रिपाठी, सूर्यनाथ पांडेय आदि पुरोहित यजमानों के साथ अनुष्ठान कराते रहे। बस्ती- मुंडेरवा मार्ग पर स्थित बाबा देवरिया शिव धाम में शिव भक्तों की भीड़ जुटी रही। जलाभिषेक के साथ ही पूजन-अर्चन का दौर दिन भर चला। कड़रखास, बरवा धाम, बाबा भारीनाथ आदि शिवालयों पर भी भक्तों की भीड़ जुटी रही। सोमवार को इन शिवालयों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाएगी।