बस्ती (रूधौली), जागरण संवाददाता। बस्ती जिले के सेमरा गांव में सरसो काटने गई 45 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। एक अंगुली भी काटकर अलग कर दी गई है। रविवार सुबह खेत की ओर गए बच्चों की नजर शव पर पड़ी तो लोगों ने इसकी सूचना थाने पर दी। देखते ही देखते घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। इसके लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग सहम गए हैं। वहीं एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी घटना की जानकारी पाते ही एएसपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी, सीओ रुधौली और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

यह है पूरा मामला

सेमरा निवासी इलायची देवी (45) के पति रामललित दुबई में रहकर नौकरी करते हैं। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें एक राजकुमार मां की देखभाल के लिए गांव में रहता है, जबकि दो अन्य गुजरात में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि इलायची देवी शनिवार को सुबह करीब दस बजे घर से सरसो काटने के लिए निकली थी। लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची तो बेटे ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने थाने पर गुमशुदगी की सूचना नहीं दी थी।

खेत की तरफ गए बच्चों ने देखा शव

रविवार की सुबह खेत की तरफ जा रहे बच्चों की नजर खेत में पड़ी इलायची देवी के शव पर पड़ी। लाश मिलने की सूचना पर उच्चाधिकारियों के साथ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसपी ने बताया कि घटना की वजह की छानबीन की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।

Edited By: Pragati Chand