मुंबई से लाया गया हत्यारोपित कुणाल
कुणाल आर्म्स एक्ट के तहत मुंबई जेल में बंद था।
बस्ती: परशुरामपुर क्षेत्र के चर्चित मखनू चौधरी हत्याकांड का दूसरा हत्यारोपित कुणाल सिंह उर्फ भूपेंद्र कुमार सिंह निवासी बरईपुर थाना फतनपुर जिला प्रतापगढ़ को परशुरामपुर पुलिस बी वारंट के जरिए मुंबई से बस्ती ले आई। कुणाल आर्म्स एक्ट के तहत मुंबई जेल में बंद था। दो सितंबर 2019 की सुबह थाना क्षेत्र के ही खमहरिया बाजार स्थित बिल्डिग मैटेरियल के व्यापारी मखनू चौधरी की बाइक सवार दो अज्ञात शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस इधर-उधर हाथ पैर मार रही थी। परशुरामपुर के थानेदार अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए मुख्य हत्यारोपी मनीष ने बताया था कि हत्या में कुणाल भी शामिल था। उसकी जानकारी पर मुंबई में कुणाल को पुलिस ने पकड़ा था। उसे वारंट बी के तहत बस्ती लाकर जनपद न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे बस्ती जेल भेज दिया गया है।