देवी प्रतिमाओं के भू- विजर्सन को चला रहे मुहिम
शहर के देवी प्रतिमाओं के भू-विसर्जन के लिए मुहिम छिड़ गई है।
बस्ती : शहर के देवी प्रतिमाओं के भू-विसर्जन के लिए मुहिम छिड़ गई है। दैनिक जागरण की पहल रंग लाई। समाजसेवी एवं पर्यावरण मित्र अरुणेश त्रिपाठी इस मुहिम से जुड़ गए हैं। हील सोसाइटी की ओर से उन्होंने पूजा समितियों से संपर्क अभियान छेड़ा है। अभी तक दो दर्जन पूजा कमेटी के जिम्मेदारों से उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रतिमाओं के विसर्जन का लिखित सहमति पत्र लिया है। इनका मानना है कि भू-विसर्जन की शुरूआत होनी चाहिए। परंपरा अपने आप बन जाएगी। उनका प्रयास है कि प्रतिमा का नदियों में जल प्रवाह न किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से कुआनो तट पर भू-विसर्जन की व्यवस्था बनाने की मांग उठाई है। उन्हें समितियों की ओर से मिले सहमति पत्र भी सौंपे हैं। त्रिपाठी के अनुसार पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से दुर्गा पूजा समितियों से प्रतिमाओं के भू- विसर्जन का अनुरोध लगातार किया जा रहा है। कुछ प्रमुख समितियों की ओर से शपथ पत्र भी दिया गया है। कहा कि यदि इस बार प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कराएगा तो भू-विसर्जन की शुरूआत हर हाल में होगी। इसके लिए अधिकारियों से वार्ता भी कर ली गई है। प्रयास है इसी साल इस चलन का प्रारंभ हो जाए।