बस्ती: कुआनो नदी में मिला 42 दिन से लापता युवक का कंकाल, पुलिस कराएगी डीएनए जांच; इलाके में फैली सनसनी
बस्ती के टिनिच में 42 दिन से लापता 24 वर्षीय रोहित का कंकाल कुआनो नदी के पास मिला है। कपड़ों के आधार पर छोटे भाई ने पहचान की, हालांकि पुलिस डीएनए जांच कराएगी।

रोहित की फाइल फोटो और जांच करती गौर पुलिस और फॉरेंसिक टीम।जागरण
HighLights
42 दिन से लापता युवक रोहित का कंकाल बरामद हुआ।
कुआनो नदी किनारे मछुआरों ने कंकाल की सूचना दी।
पहचान पुष्टि के लिए पुलिस डीएनए जांच कराएगी।
संवाद सूत्र, टिनिच(बस्ती)। 42 दिन से लापता युवक का कंकाल बुधवार भोर कुआनो नदी के चौरा घाट के पास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मछली पकड़ रहे मछुआरों ने नदी किनारे झाड़ियों में कंकाल देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद कंकाल को बाहर निकलवाया। पास में मिले कपड़ों के आधार पर छोटे भाई ने उसकी पहचान रोहित (24) के रूप में की। हालांकि, कंकाल की पहचान की आधिकारिक पुष्टि के लिए पुलिस डीएनए जांच कराएगी।
गौर थाना क्षेत्र की टिनिच पुलिस चौकी अंतर्गत सुल्तानपुर गांव निवासी रोहित आठ अक्बटूर को दोपहर में बिना बताए घर से चला गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद गौर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
परिजनों के मुताबिक, रोहित तीन बहनों और एक छोटे भाई में सबसे बड़ा था। वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और कुछ दिन पहले ही गांव आया था। पिता भगवानदीन ने बताया कि रोहित किसी बात को लेकर बेचैन रहता था। इसी दौरान एक युवक का फोन भी आया था, जिसके बाद वह घर से चला गया था।
वहीं, क्षेत्र में चर्चा है कि कुछ लोगों ने रोहित को नदी में कूदते देखा था। इसकी सूचना स्थानीय चौकी पुलिस को भी दिए जाने की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नदी में तलाश कराई गई होती तो संभवतः रोहित का पता पहले ही चल जाता।
एसओ गौर अतुल अंजन ने बताया कि छोटे भाई ने कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान की है। उसकी वास्तविक पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। फारेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।