मेधावियों ने संजोया बड़ा सपना
आइएएस बनकर करेंगे देश सेवा
बस्ती: जनपद के मेधावियों ने पंख को उड़ान मिलते बड़ा सपना संजोया है। अपनी मेहनत के बलबूते यह मेधावी सफलता के शिखर को चूमने की हर कोशिश करेंगे। आइए, जानते हैं जिले के टापर विद्यार्थियों का क्या है सपना- जनपद में सर्वोच्च अंक 98.6 फीसद प्राप्त कर प्रथम स्थान पाने वाले दिव्यमान पाल लालगंल थाना क्षेत्र के हलुआपार गांव के निवासी हैं। पिता रघुनाथ पाल निजी महाविद्यालय के प्राचार्य हैं। माता आकांक्षा पाल गृहिणी हैं। इनका सपना आइएएस बनने का है। बताया कि शिक्षक पिता और विद्यालय के गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन में यह सफलता मिली है। कड़ी मेहनत करके हम लक्ष्य जरूर हासिल करेंगे।
फौजी का बेटा भी बनेगा आइएएस
जनपद में 98.4 फीसद अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले शिवम वर्मा पैकोलिया थाना क्षेत्र के वेलघाट के रहने वाले हैं। पिता उमेश चंद्र वर्मा रिटायर्ड सैनिक और माता शारदा वर्मा गृहिणी है। बताया कि उनके पिता का सपना है कि बेटा आइएएस बने। इसे पूरा करने के लिए पूरी कोशिश करेंगे। वह सफलता का श्रेय विद्यालय के गुरुजनों और माता-पिता को देते हैं। बताया कि परिवार के लोग उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग कर रहे हैं।