Basti Accident: तेज रफ्तार के कहर से थम गईं तीन लोगों की सांसें, बाइक व स्कूटी की टक्कर से हुआ दर्दनाक हादसा
हादसा लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर नगर थाने के महरीपुर गांव के पास हुआ। बाइक व स्कूटी सवार किसी भी व्यक्ति ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस्ती, जागरण संवाददाता। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर गांव के पास बाइक और स्कूटी की आमने सामने हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार हुए लोगों के घरों में कोहराम मचा है। मृतकों के परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह है मामला
एक ही बाइक पर सवार तीन युवक वाल्टरगंज थाने के परसा जागीर गांव से नगर बाजार की तरफ जा रहे थे। उनकी बाइक की रफ्तार अधिक थी। वे नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही स्कूटी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक व स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति के अलावा बाइक सवार दो युवकों समेत तीन की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक सवार तीन में से एक युवक और स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये हुए हादसे के शिकार
चौकी प्रभारी फुटहिया प्रदीप सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक पुत्र फूल चंद्र निवासी नगर बाजार, 20 वर्षीय कुलदीप पुत्र रामदीन निवासी परसा जागीर थाना वाल्टरगंज व 55 वर्षीय अरविंद सिंह पुत्र धर्मराज सिंह निवासी प्रतापपुर थाना नगर के रूप में हुई। इसमें अरविंद स्कूटी पर सवार थे, जबकि अभिषेक और कुलदीप बाइक पर थे। घायलों की पहचान अमरजीत पुत्र संतराम निवासी परसाजागीर और ऊषा सिंह पत्नी स्व. अरविंद के रूप में हुई।