बस्ती के लाल ने मलेशिया में किया कमाल
बैडमिटन के अंडर-19 वर्ग में भारतीय टीम के लिए इनका चयन हुआ था।
बस्ती : बस्ती के लाल ने मलेशिया में कमाल किया है। कप्तानगंज के दुबौली दुबे गांव शिवम त्रिपाठी ने मलेशिया में बैडमिटन खेल के डबल्स में रजत जीत कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
शिवम त्रिपाठी ने 26 से 30 दिसंबर तक मलेशिया में स्टूडेंट ओलंपिक एसोसिएशन आफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्टूडेंट ओलंपिक में बैडमिटन के डबल्स में रजत पदक जीता है। शिवम के पिता सीतापुर में पीएसी में तैनात हैं। शिवम सीक्रेट हार्ट इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र हैं। बैडमिटन के अंडर-19 वर्ग में भारतीय टीम के लिए इनका चयन हुआ था। शिवम ने बताया कि खेल में साथी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव के साथ बेहतर तालमेल के दम पर रजत हासिल हो पाया। पहले राउंड में इंडोनेशिया, फिर श्रीलंका, उसके बाद पाकिस्तान एवं सिगापुर को हराकर फाइनल में पहुंचे। फाइनल में मलेशिया के सेनवांग वा ली चांग से हुआ। यहां शिवम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। शिवम ने बताया कि पिता देवानंद त्रिपाठी, बहन मधु त्रिपाठी व नेहा त्रिपाठी, मां पूनम का हमेशा साथ मिला। रजत जीतने पर बलराम त्रिपाठी, बलभद्र त्रिपाठी, देव प्रभाकर त्रिपाठी ने खुशी जताई।