देवी प्रतिमा से जेवर सहित अन्य सामान चोरी
परशुरामपुर बाजार में स्थित मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना
बस्ती: चोरों ने रविवार की रात परशुरामपुर बाजार स्थित एक मंदिर को निशाना बनाया। ताला तोड़कर देवी प्रतिमा से जेवर, दानपात्र व पीतल का घंटा चुरा ले गए। घटना की तहरीर मंदिर के मदन चंद गुप्ता के बेटे दिनेश चंद्र गुप्ता ने पुलिस को दी है। मौके पर पहुंच पुलिस ने घटना का जायजा लिया।
मंदिर में रोजाना पूजा पाठ करने वाली कांति देवी ने बताया कि रोज की भांति रात में आरती के बाद वह मंदिर का पट बंद कर कर घर चली गई। सुबह जब मंदिर की सफाई और पूजा के लिए आई तो देखा गेट का ताला टूटा हुआ था। मंदिर के अंदर गई तो दानपात्र गायब था। देवी प्रतिमा के पैर तथा कान में पहनाए गए जेवर नहीं थे। मंदिर में टंगा घंटा भी गायब था। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है, इसकी छानबीन की जा रही है।