बहन को घर में घुसने नहीं दिया तो बहनोई ने कर दिया फायर
पैकोलिया थाने में बहनोई सहित दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
बस्ती: पैकोलिया थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बभनान के लक्ष्मीबाई नगर वार्ड में शुक्रवार की रात उस समय अफरा तफरी मच गई जब घर से भागकर शादी करने वाली बहन को भाई ने अपने घर में घुसने नहीं दिया। इससे तिलमिलाएं बहनोई ने अपने साथियों के साथ साले के ऊपर फायर झोंक दिया। गनीमत रहा कि वह बाल-बाल बच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बहनोई सहित दो अज्ञात पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।
सिराज अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि एक वर्ष पूर्व उसकी बहन उसी के मोहल्ले के कादिर के साथ चली गई थी। शुक्रवार की रात जब उसकी बहन घर वापस आई तो उसने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया। यह बात जाकर उसकी बहन ने अपने शौहर कादिर को बताई तो वह एक मोटरसाइकिल पर सवार हो दो अन्य लोगों के साथ आया। उसे व उसके मामा के बेटे को मारने पीटने लगा। शोर मचाने पर जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर फायर झोंक दिया। बाद में तीनों हमलावर भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।