बंधन तोड़ो नाटक में दिखी विवेकानंद की महानता
बस्ती विकास समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय युवा महोत्सव का समापन रविवार को रंगा-रंग कार्यक्रम हुआ
बस्ती : बस्ती विकास समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय युवा महोत्सव का समापन रविवार को रंगा-रंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। नाटक, गायन, भाषण प्रतियोगिता के लोग कायल हो हो गए। स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित बंधन तोड़ो नाटक में उनकी महानता के दर्शन हुए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ समिति संरक्षक अखिलेश्वरी देवी ने किया। कहा कि महोत्सव के मंच से निखरी प्रतिभाएं जिले में ही नहीं बल्कि प्रदेश व देश में नाम रोशन करेंगी। कलाकारों ने नृत्य, विद्यालय प्रस्तुति, आरती थाल सजाओ, कलश सजाओ, चित्रकला, पोस्टर, मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिता में हुनर दिखाए। स्टाल भी लगाए गए। रस्सी से स्वामी विवेकानंद जी का चित्र बनाया गया। डा. नवीन, राजेश कुरील ने सहयोग दिया। भारतेंदु नाट्य अकादमी लखनऊ द्वारा प्रस्तुत नाटक की सराहना हुई। निर्णायक मंडल में यामिनी, दामिनी शामिल रहीं। अपने गीतों से भी लोगों को मंत्रमुग्ध किया। उपाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने कहा कि युवाओं पर देश की निगाह है। अपनी प्रतिभा से पहचान बनाएं। समिति के अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। बताया कि महोत्सव में साढ़े तीन सौ बच्चों ने प्रतिभाग किए। सोमवार को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले को शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। संचालन डा. वीरेंद्र त्रिपाठी व अभिषेक पाठक ने किया। जीवीएम कांवेंट स्कूल, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, एडी इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा दिखाई।