Basti News: प्रेमी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाली प्रेमिका गिरफ्तार
Basti News बस्ती में सुनील मौर्य द्वारा खुद को गोली से उड़ा देने का मामला जोर पकड़ता इससे पहले ही पुलिस ने मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें दिवंगत की प्रेमिका और उसका एक साथी शामिल है।
बस्ती, जागरण संवाददाता। परशुरामपुर कस्बा निवासी सुनील मौर्य द्वारा खुद को गोली से उड़ा देने का मामला जोर पकड़ता, इससे पहले ही पुलिस ने मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें दिवंगत की प्रेमिका और उसका एक साथी शामिल है।
कनपटी पर गोली मारकर सुनील ने की थी आत्महत्या
मोटर पार्ट्स व्यवसायी के बेटे सुनील मौर्य की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में दिवंगत सुनील मौर्य की प्रेमिका फातिमा बेगम निवासी सांडपुर थाना परशुरामपुर तथा अभिषेक कुमार त्रिपाठी निवासी पूरे मथुरा अगया माफी थाना पीपरपुर जिला अमेठी शामिल है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार शाही ने बताया कि दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी परशुरामपुर से की गई है। उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही पूर्ण कर दोनों को न्यायालय भेज दिया गया। आरोपितों को गिरफ्तार करने वाली टीम में परशुरामपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक के अलावा चौकी प्रभारी घघौवा अजय कुमार सिंह, चौकी प्रभारी सिकंदरपुर पवन कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल राम अवधेश, कांस्टेबल विवेक, जितेंद्र यादव व महिला कांस्टेबल पूजा शामिल रहे।
यह है घटनाक्रम
परशुरामपुर कस्बा निवासी रामजनक मौर्य का बेटा सुनील मौर्य सोमवार को अरजानीपुर गांव में अपने मोटर पार्ट्स गोदाम पर पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने के पूर्व सुनील ने फेसबुक पर एक पोस्ट डाला और लाइव आकर अपनी पीड़ा बयां की थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और फिर मुकदमा दर्ज किया गया।
आत्महत्या के लिए इन लोगों को ठहराया था जिम्मेदारी
आत्महत्या करने के पीछे अपनी प्रेमिका फातिमा बेगम और एक अन्य लड़के को कारण बताया था। दिवंगत के पिता राम जनक मौर्य ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और जानमाल की धमकी देने के धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। तब से प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार शाही सर्विलांस सेल की मदद से दोनों आरोपितों की तलाश में थे।