पंडालों में हुआ जयघोष, श्रद्धालुओं का तांता
दर्शन को एक साथ निकल रहे लोग
बस्ती : शहर से लगायत ग्रामीण कस्बों तक गणेश पूजा की धूम मची है। जगह-जगह पंडालों में स्थापित भगवान गणेश के परिवार की प्रतिमाओं के दर्शन को श्रद्धालु उमड़ने लगे हैं। उत्सव अब और चटख हो चला है। सुबह से देर रात गणेश जी के दरबार में पूजन अर्चन और अनुष्ठान का दौर जारी है। देवी देवताओं की आरती उतारी जा रही। देर रात तक जयघोष हो रहा है। श्रद्धालुओं से सभी पंडाल भर जा रहे हैं। शहर के फौव्वारा तिराहा, मालवीय रोड, कटरा, महरीखांवा, सिविल लाइन, रोडवेज, अस्पताल चौराहा, पुरानी बस्ती, मंगलबाजार आदि जगहों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित हैं। बुधवार की शाम श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा दिखा। भक्ति गीतों की कैसेट हर जगह गूंजते रहे। श्रद्धा भाव से लोग प्रतिमाओं का दर्शन कर रहे हैं। जयकारों की गूंज हो रही है। कुछ जगहों पर भगवान की कथा की अमृत वर्षा हो रही है। चौतरफा माहौल भक्ति मय बना हुआ है। वाल्टरगंज संवाददाता के अनुसार भरौली बाबू, बड़ा बढ़या, चंदोखा आदि स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई है। यहां गुरुवार को कुआनों नदी के बक्सई घाट पर यह प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। वाल्टरगंज बाजार में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा स्थल पर कथावाचक सुरेंद्र दुबे ने मंगलवार की रात दीप यज्ञ करवाया। बाद में श्रद्धालुओं को भगवान गणेश की कथा सुनाई। यहां हवन पूजन हुआ और श्रद्धालुओं ने गौरी नंदन गणेश से सुख समृद्धि का वरदान मांगा। विकास अग्रहरि, रवि अग्रहरि, मनोज अग्रहरि, हर्ष सोनी, सन्नी गुप्त, विक्की गुप्त, आनंद गुप्त, अजय गुप्त, जितेंद्र कुमार मौजूद रहे। कथावाचक ने बताया कि गुरुवार को भिटिया चौराहे से भगवान गणेश की शोभायात्रा निकलेगी।