झगड़े से तंग आकर भतीजों ने की थी चाचा की हत्या
भूमि को लेकर आए दिन के झगड़े से आक्रोशित होकर दो सगे भाईयों ने अपने चाचा की हत्या की थी। बबुन्ने उर्फ जगन्नाथ सिंह की हत्या का खुलासा रविवार को पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने पत्रकारों के समक्ष किया। बताया दुबौलिया के आराजीडूही धरमूपुर मुस्तहकम गांव निवासी मृतक बबुन्ने सिंह के भाई हरीराम सिंहभतीजे अजय सिंह व पंकज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से गला रेतने में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
बस्ती: भूमि को लेकर आए दिन के झगड़े से आक्रोशित होकर दो सगे भाइयों ने अपने चाचा की हत्या की थी। बबुन्ने उर्फ जगन्नाथ सिंह की हत्या का खुलासा रविवार को पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने पत्रकारों के समक्ष किया। बताया दुबौलिया के आराजीडूही धरमूपुर मुस्तहकम गांव निवासी मृतक बबुन्ने सिंह के भाई हरीराम सिंह,भतीजे अजय सिंह व पंकज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से गला रेतने में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। एसपी ने बताया पूछताछ में आरोपित अजय ने बताया एक साल पूर्व मेरे पिता को बबुन्ने सिंह व उनके लड़कों ने मारा था। इसमें पिता हरीराम के पैर की हड्डी टूट गई थी। उनके पैर का ऑपरेशन कराने में पांच लाख से अधिक धन खर्च हो गया। इसको लेकर काफी परेशानी उठानी पड़ी। तभी से बदला लेने का प्लान बनाने लगे। गत 29 अक्टूबर को बबुन्ने सिंह किसी काम से दुबौलिया कस्बे में गए थे। इसकी जानकारी होने के बाद घर में रखा रामपुरी चाकू लेकर दोनों आरोपित रास्ते में बैठकर बबुन्ने के आने का इंतजार करने लगे। उनके पहुंचते ही पहले सीने में चाकू घोंप दिया और फिर चेहरे पर कई वार किए, जिससे घटनास्थल पर ही बबुन्ने की मौत हो गई। चाकू को धान के खेत में फेंक दिया। पिता हरीराम को घटना की जानकारी दी तो उसने दोनों बेटों के छिपने में मदद की थी।
---
गांव के पास से पुलिस ने पकड़ा
एसपी ने बताया रविवार की सुबह आराजीडूही धरमूपुर स्थित सरकारी नल के करीब से तीनों को गिरफ्तार किया गया है। धरपकड़ करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह, क्राइम ब्रांच के पंकज पांडेय, एसआई संतोष कुमार श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र प्रसाद, अनिल कुमार, जर्नादन प्रजापति, हिन्दे आजाद, अभिषेक तिवारी, मनोज कुमार, विपिन सिंह, श्यामसुंदर व विकास सिंह शामिल रहे।