डबल डेकर बस ट्रक से टकराई, चार घायल
मोतिहारी बिहार से दिल्ली जा रही थी डबल डेकर बस
जागरण संवाददाता ,गौरा,बस्ती: फोरलेन पर कप्तानगंज कस्बे के मुख्य चौराहे के निकट फैजाबाद की तरफ जा रही सवारियों से भरी डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। बस में सवार चार यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बस बिहार के मोतिहारी जिले से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। रात में करीब तीन बजे बस कप्तानगंज कस्बे के मुख्य चौराहे के पास पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। जिसमें मोतिहारी जिले के सुरेश कुमार पुत्र शंकर, शेख सलीम पुत्र शेख मजीद निवासीगण नगदाहो थाना मलाही बाजार, शेख तैयब पुत्र शेख नशरूल निवासी खैरी थाना बंजरिया और मजरे आलम पुत्र शेख उमरूद्दीन निवासी जनरेऊआ, थाना बंजरिया घायल हो गए। अन्य यात्री सकुशल हैं। एसओ कप्तानगंज हरे कृष्ण उपाध्याय ने बताया कि घायलों को मामूली चोट आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उनको दूसरी बस से दिल्ली रवाना कर दिया गया।