Move to Jagran APP

Keshav Prasad Maurya: 'मोदी की अगुवाई में दुनिया के सामने दहाड़ रहा भारत', बस्ती में गरजे डिप्टी CM; विपक्ष पर जमकर बरसे

कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के शिवपुर में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में आगे बढ़ रहा है। जिले ने हरीश द्विवेदी की अगुवाई में नए प्रतिमान स्थापित किए गए हैं। बस्ती में विकास ने एक लंबी छलांग लगाई है। कई ऐसी योजनाएं उन्होंने जिले में लागू कराने का काम किया है जो इसके स्तर की नहीं थी।

By Jagran News Edited By: Riya Pandey Tue, 14 May 2024 03:59 PM (IST)
Keshav Prasad Maurya: 'मोदी की अगुवाई में दुनिया के सामने दहाड़ रहा भारत', बस्ती में गरजे डिप्टी CM; विपक्ष पर जमकर बरसे
बस्ती में विपक्ष पर जमकर बरसे डिप्टी सीएम

जागरण संवाददाता, बस्ती। कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के शिवपुर में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में आगे बढ़ रहा है। जिले ने हरीश द्विवेदी की अगुवाई में नए प्रतिमान स्थापित किए गए हैं।

बस्ती में विकास ने एक लंबी छलांग लगाई है। कई ऐसी योजनाएं उन्होंने जिले में लागू कराने का काम किया है, जो इसके स्तर की नहीं थी। 2024 का यह बहुत बड़ा चुनाव है। कई बार जीवन में थोड़ी सी चूक हो जाती है, तो उसके लिए भविष्य में बहुत पछताना पड़ता है।

डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर बोला हमला

विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी से हटाना चाहते हैं। गरीबी दूर नहीं करना चाहते हैं। महिलाओं, दलित, पिछड़ा, आदिवासियों को समाज की मुख्य धारा में नहीं लाना चाहते हैं। वह सिर्फ मोदी को हटाकर देश को लूटना चाहते हैं। 2014 में मोदी लहर, 2019 में आंधी और अब 2024 में सुनामी की स्थिति है।

जनता ने भाजपा की सरकार बनाई तो आज अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार है। कश्मीर से धारा 370 हट गया है। चार करोड़ गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिला। गरीबों के घर में बिजली पहुंची है। गरीब आदमी को गैस कनेक्शन मिला। पांच लाख का स्वास्थ्य बीमा मिला, शौचालय मिला। प्रधानमंत्री की सोच है कि देश की बेटियां ई रिक्शा, हेलीकाप्टर और हवाई जहाज भी चलाएं।

'पूरी दुनिया में भारत का डंका'

डिप्टी सीएम ने कहा कि आज पूरी दुनिया के अंदर भारत का डंका बज रहा है। अन्य पार्टियों का डंका पाकिस्तान में बज रहा है। आज पाकिस्तान पूरी दुनिया के सामने लाचार बनकर खड़ा है। कांग्रेस, सपा, बसपा गरीब, पिछड़ा, दलित के नाम पर वोट तो लेते हैं, लेकिन उनका सम्मान नहीं करते।

अयोध्या में रामलला का मंदिर बना लेकिन अखिलेश यादव और मायावती दर्शन करने नहीं गए। गुजरात के अंदर सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाई गई, लेकिन गांधी परिवार का कोई पुष्प अर्पित करने नहीं गया। इन पार्टियों की सोच बहुत ही निम्न हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का शव विधानसभा में रखा था। पांच सौ मीटर की दूरी पर मौजूद अखिलेश यादव उनका दर्शन करने नहीं गए, लेकिन देश के प्रधानमंत्री ने स्व. कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन किया।

'विपक्षी पार्टियों के राजनीति भविष्य पर खतरा'

डिप्टी सीएम ने कहा कि आज सपा बसपा के लोग संविधान पर खतरे की बात करते हैं, लेकिन इस बार भाजपा सरकार बनी तो संविधान पर नहीं बल्कि विपक्षी पार्टियों के राजनीति भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है। विपक्षी पार्टियों पिछड़े वर्ग के प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं। 2014 में प्रधानमंत्री ने संसद भवन की चौखट पर अपना मस्तक झुकाया तो उसे पर सवाल उठा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र का मंदिर है। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के संविधान में सब की आस्था है आज भारतीय जनता पार्टी उनके तीर्थ स्थलों का विकास पंच तीर्थ के रूप में कर रही है। भारतीय जनता पार्टी बाबा साहब के सपने को पूरा किए हुए बगैर चैन से नहीं बैठेगी। जो काम सपा, बसपा के समर्थन से कांग्रेस 60 साल में नहीं कर सकी, वह नरेन्द्र मोदी की सरकार ने 10 साल में करके दिखाया है। भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य भ्रष्टाचार को खत्म करना है। देश का विकास करना है। उत्तर प्रदेश का विकास करना है।

'प्रधानमंत्री का लक्ष्य देश का सर्वांगीण विकास करना'

अयोध्या, काशी, मथुरा का विकास करना है। तथागत बुद्ध के स्थलों का भी विकास करना है। देश का सर्वांगीण विकास करना ही प्रधानमंत्री का लक्ष्य है। सपा, बसपा, कांग्रेस का नारा कुछ का साथ और अपना विकास है। आज करोड़ परिवारों में राशन पहुंच रहा हैं। गरीबों को दो वक्त का भरपेट भोजन मिल रहा है।

विपक्षी दल राशन वितरण योजना को बंद करने की मांग कर रहे हैं क्योंकि वह जानते हैं कि अगर योजना चलेगी तो मोदी फिर प्रधानमंत्री बन जाएंगे। लेकिन प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि यह योजना अगले पांच साल के लिए भी चलती रहेगी।

बेईमानों पर नकेल कसने के लिए प्रधानमंत्री ने कहा न खाऊंगा न खाने दूंगा। भ्रष्टाचारियों को जेल भेजने का काम किया जा रहा है। गरीबों को आवास देने का काम किया गया है। चार करोड़ गरीबों को आवास योजना का लाभ मिला है। तीन करोड़ और गरीबों को आवास देने का लक्ष्य है। कांग्रेस की सरकार में भारत दुनिया के सामने गिड़गिड़ाता था। लेकिन जब  मोदी प्रधानमंत्री बने तो भारत दुनिया के सामने दहाड़ रहा है। सपा सरकार में गुंडे अपराधी माफिया खुलेआम घूम रहे थे। तब तो भाजपा ने यहां से जीत दर्ज की ही।

सपा के आधे से अधिक विधायक भाजपा के संपर्क में

2019 में सपा बसपा के गठबंधन के बावजूद बस्ती में भाजपा की जीत हुई। सपा के आधे से अधिक विधायक भाजपा के संपर्क में है। समाजवादी पार्टी का चुनाव में खाता नहीं खुलने वाला है। देश का गरीब, महिला, युवा, किसान सब मोदी के साथ हैं। भाजपा सरकार में गुंडे, माफिया, भ्रष्टाचारी सब बिल में घुस गए हैं।

मुख्तार अंसारी की मौत के बाद अखिलेश यादव गए लेकिन अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन करने नहीं आए। सपा, बसपा, कांग्रेस आईसीयू में पड़ी हुई पार्टियों हैं। अब इनको आक्सीजन देने की आवश्यकता नहीं है। इन पार्टियों का उद्देश्य सेवा करना नहीं है। देश की विधानसभा और संसद में महिलाओं को जाने के लिए मोदी ने आरक्षण की तैयारी कर दी है।