यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गला घोंट कर की गई थी राधिका की हत्या
सोनहा थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी राधिका (40) पत्नी आनिका यादव की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस बात की पुष्टि उसके अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट से हुई है।

बस्ती: सोनहा थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी राधिका (40) पत्नी आनिका यादव की गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस बात की पुष्टि उसके अंत्यपरीक्षण रिपोर्ट से हुई है। राधिका का शव शनिवार की शाम को 6 बजे गांव से लगभग 700 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला था। राधिका सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के बाद मवेशियों के लिए चार काटने गई थी। उसका पति कांवड़ यात्रा में गया था। शाम को जब बच्चे स्कूल से घर वापस लौटे तो वे अपनी मां को खोजने लगे। महिला का शव गन्ने के खेत में मिलने के बाद लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हो गई कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। महिला की हत्या क्यों की गई । यह एक सवाल बनकर रह गया है, जिसका खुलासा पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगा। प्रभारी निरीक्षक संजय नाथ तिवारी ने बताया कि हत्या की पुष्टि होने के बाद परिजनों की तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। तहरीर मिलते ही हत्या का मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी जाएगी।