सीएम योगी आदित्यनाथ ने बस्ती को दी चीनी मिल की सौगात
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश में उद्योगों को बंद करने का काम किया। यही कारण है कि 42 में से 31 चीनी मिलें बंद हो गईं।
बस्ती (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बस्ती को कई विशिष्ट तोहफों के साथ चीनी मिल की भी सौगात दी। उन्होंने मुंडेरवा में चीनी मिल की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पिछली सरकारों ने प्रदेश में उद्योगों को बंद करने का काम किया। यही कारण है कि 42 में से 31 चीनी मिलें बंद हो गईं। उन्होंने कहा कि पिपराइच और मुडेरवा की चीनी मिलें पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। हमारी सरकार को एक साल कार्य करते हुए हो गया। इस एक वर्ष में हमने प्रदेश के किसान के साथ नौजवान, महिलाओं के लिए विशेष कार्य किया है।
मुण्डेरवा में नई चीनी मिल बनाने में लगभग 385 करोड़ का खर्च आएगा। 385 करोड़ की लागत से मिल को चलाया जाएगा। इसमें एक बिजली प्लांट भी लगाया गया है, जिससे 27 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।मुण्डेरवा चीनी मिल के शुरू होने पर लोगों में काफी उत्साह है। इस मिल के शुरू होने से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। योगी आदित्यनाथ सरकार ने बस्ती के मुंडेरवा और गोरखपुर के पिपराइच में नए चीनी मिल के निर्माण की घोषणा हुई थी। मुंडेरवा में चीनी निगम की मिल यूनिट थी, लेकिन सरकारी उदासीनता और बकाया गन्ना मूल्य के चलते 2002 के आंदोलन में तीन किसानों की फायरिंग में मौत हो गई थी। इसके बाद यहां की मुण्डेरवा मिल को फिर से शुरू कराने की मांग लंबे समय से चल रही थी।