अभी गाड़ियों की बुकिग, धनतेरस और दिवाली पर डिलेवरी
दिवाली का धमाल बाजार में मच चुका है। आटोमोबाइल का कारोबार चटख हो गया है। एक सप्ताह से वाहनों की बिक्री सामान्य दिनों से अधिक है। विभिन्न कंपनियों दो पहिया और चार पहिया वाहनों का माडल शो-रूम में सजाए गए हैं।
बस्ती : दिवाली का धमाल बाजार में मच चुका है। आटोमोबाइल का कारोबार चटख हो गया है। एक सप्ताह से वाहनों की बिक्री सामान्य दिनों से अधिक है। विभिन्न कंपनियों दो पहिया और चार पहिया वाहनों का माडल शो-रूम में सजाए गए हैं। यह ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। बुकिग की होड़ मची है। ज्यादातर डिलेवरी धनतेरस और दिवाली पर्व पर होनी है। एजेंसियों ने पहले से ही पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता बना ली है। जिससे पर्व के दिन डिलेवरी में कठिनाई न हो। सर्वाधिक दो पहिया वाहनों की बिक्री चल रही है। आधा दर्जन शो-रूम में ग्राहकों की भीड़ हैं। 55 हजार से डेढ़ और दो लाख तक के दोपहिया वाहन बुक किए जा रहे हैं। कुछ लोग भीड़ से बचने के लिए त्योहार से पहले ही डिलेवरी प्राप्त कर रहे हैं। वहीं विभिन्न कंपनियों की लग्जरी कार की भी बिक्री हो रही है।
एक कंपनी की ओर से बाइक बुकिग पर हेलमेट फ्री दिया जा रहा है। एजेंसी प्रोपराइटर चंद्रप्रकाश मिश्र ने बताया त्योहार सत्र में नए माडलों पर नई स्कीम आई है। हमारे यहां एक्सचेंज आफर भी है और सरकारी कर्मचारियों को फाइनेंस की आसान सुविधा दी जा रही है। 95 फीसद तक फाइनेंस की सुविधा है। इसलिए गाड़ियों की बिक्री बढ़ गई है। दो एजेंसियों के माध्यम से तीन हजार बाइक बेचने का लक्ष्य है।
ट्रैक्टर एजेंसियां भी ग्राहकों से गुलजार हैं। दिवाली में छूट का धमाल है। ट्रैक्टर कारोबारी अखिलेश दुबे ने बताया कि दिवाली तक 20 से 30 ट्रैक्टर बेचा जाएगा। इधर प्रतिदिन बुकिग चल रही है।