विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में हिरण की प्रजाति बढ़ी, पर घटता जा रहा बारहसिंगा का कुनबा; वास की कमी और शिकार बने बड़ा खतरा

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:56 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 23 Nov 2026 10:58 PM (GMT+05:30)

बस्ती जनपद में बारहसिंगा हिरणों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की गई है, जबकि अन्य प्रजातियों में वृद्धि हुई है। आवास की कमी, शिकार और दुर्घटनाएं इनकी घटती संख्या के प्रमुख कारण बताए गए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI से बनाई गई तस्वीर।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI से बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. बस्ती में बारहसिंगा की संख्या 2017 से 2022 तक घटी।

  2. आवास की कमी, शिकार और दुर्घटनाएं प्रमुख कारण हैं।

  3. बारहसिंगा उत्तर प्रदेश का राज्य पशु, संकटग्रस्त प्रजाति।

संजय विश्वकर्मा, बस्ती। हिरणों की दृष्टि से लगातार समृद्ध हो रहे बस्ती जनपद में बारहसिंगा प्रजाति के हिरणों की जान जोखिम में है। लगातार हो रही मृत्यु से उनकी संख्या घट रही है। वहीं इनके शिकार की आशंका भी जताई जा रही है।
वर्ष 2017 में हुई वन्य जीवन गणना में कुल 408 हिरण पाए गए थे, इनमें हिरणों की पांच प्रजातियों की मौजूदगी बस्ती में पाई गई थी। जिसमें पाढ़ा 170, बारहसिंगा 136, चीतल 94, सांभर छह, व दो काले मृग पाए गए थे।

वर्ष 2022 में जब वन्य जीव गणना कराई गई तो लोगों को उम्मीद थी बारहसिंगा की संख्या बढ़ी होगी, मगर उनकी उम्मीद के विपरीत इनकी संख्या में कमी पाई गई। अन्य प्रजातियों के हिरणों की संख्या में जहां काफी वृद्धि हुई वहीं बारहसिंगा की संख्या घटकर महज 85 रह गई। इस प्रकार लगभग पांच वर्ष में इनकी संख्या बढ़ने की बजाय घट गई।

मादा बारहसिंगा साल में केवल एक बार प्रजनन करती है और सामान्यतः एक बार में एक बच्चे को जन्म देती है। बारहसिंगा को उत्तर प्रदेश की सरकार ने अपना राज्य पशु घोषित कर रखा है। दुर्लभ वन्य जीव होने के कारण इसे संकटग्रस्त सूची में रखा गया है। बस्ती में इनकी मौजूदगी रामनगर, सदर व कप्तानगंज रेंज में पाई गई है।

इस वर्ष बारहसिंगा के साथ हुई कुछ घटनाएं

24 मार्च- बभनान कस्बे में घुसे बारहसिंगा को कुत्तों ने किया था घायल।

8 मई- महाराजगंज कस्बे में सड़क पार करते बाइक की ठोकर से घायल।

3 जून- महुआरी वाल्टरगंज के पास सड़क पार करते वाहन की चपेट में आने से मृत्यु।

3 जून- कुत्तों के हमले से बचने के लिए वाल्टरगंज कस्बे के एक घर में घुसा बारहसिंगा।

5 जून- बभनान स्थित एक गन्ने के खेत में लगे तार के बाड़ में सींग फंसने से बारहसिंगा की मृत्यु।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत बारहसिंगा एक संरक्षित जीव है। इसके सींग, खाल या शरीर के किसी भी हिस्से का व्यापार करना, बेचना या बिना सरकारी अनुमति के रखना दंडनीय अपराध है। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर भारी जुर्माना और तीन से सात वर्ष तक की सजा हो सकती है।- गोपेन्द्र अग्रहरी, अधिवक्ता

बारहसिंगा का प्राकृतिक वास दलदली घास का मैदान होता है, जो खत्म होता जा रहा है। इनकी संख्या घटने का यह एक बड़ा कारण है। यह सींग के कारण अक्सर फंस जाते हैं। सींग, मांस व खाल के लिए इनका शिकार भी चोरी छिपे हो रहा है।- प्रोफेसर डा. जे.पी. शुक्ल, पूर्व चेयरमैन, प्राणि विज्ञान (बोर्ड आफ स्टडीज), सिद्धार्थ विश्वविद्यालय

हैबिटेट में कमी होना बारहसिंगा की संख्या घटने का बहुत बड़ा कारण है। जंगलों में लोगों का आवागमन भी बढ़ा है। इन्हें ब्रीडिंग के लिए शांतिपूर्ण स्थान चाहिए जो अब नहीं मिल पा रहा है। यह भी एक वजह है।- डॉ. योगेश सिंह, पशु चिकित्साधिकारी, गोरखपुर चिड़ियाघर

हिरण की कोई भी प्रजाति हो उसका हार्ट बहुत कमजोर होता है। अक्सर कुत्तों के दौड़ाने पर हृदयाघात से यह दम तोड़ देते हैं। रही बात उनकी संख्या घटने की तो वे एक निश्चित स्थान पर नहीं रहते हैं। जहां इनको बेहतर हैबिटेट मिलता है, वहां यह चले जाते हैं। इनके शिकार की कोई घटना अब तक सामने नहीं आई है।- डॉ. शिरीन, प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, बस्ती


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।