विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी किशोरी, पांच घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Published: Wed, 27 May 2026 12:49 PM (IST)

बस्ती के वाल्टरगंज में एक किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई, जिससे पांच घंटे ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी।

  2. पांच घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, भीड़ जमा हुई।

  3. पुलिस ने काउंसलिंग के लिए महिला थाने ले गई।

संवाद सूत्र, सल्टौआ, बस्ती। टावर पर चढ़कर एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। इस घटना को लेकर पांच घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। मंगलवार को यह घटना वाल्टरगंज कस्बे में डाकखाने के बगल स्थित वोडाफोन के टावर की है। किशाेरी अचानक एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। करीब पांच घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामा के कारण कस्बे में भारी भीड़ जमा हो गई।

किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रशासन और पुलिस को घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। किशोरी का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मोबाइल पर बात करते थे। स्वजन और समाज के विरोध के कारण वह तनाव में थी। दोपहर वह अचानक घर से निकली और सीधे टावर के पास पहुंची, जहां देखते ही देखते वह काफी ऊंचाई तक चढ़ गई। स्थानीय लोगों ने जब उसे टावर पर चढ़ा देखा, तो शोर मचाना शुरू कर दिया।

माइक से होती रही अपील, मूकदर्शक बनी भीड़
स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर नीचे जाल बिछाने की कोशिश की। आला अधिकारी लाउडस्पीकर और माइक के जरिये लगातार किशोरी से नीचे उतरने की अपील करते रहे।

अधिकारी उसे बार-बार भरोसा दिला रहे थे कि उसकी बात सुनी जाएगी और उचित न्याय होगा, लेकिन वह किसी भी सूरत में नीचे आने को तैयार नहीं थी। करीब पांच घंटे की लंबी मान-मनौव्वल और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद वह नीचे आने को राजी हुई। किशोरी के नीचे उतरते ही पुलिस ने राहत की सांस ली।

महिला थाने में काउंसलिंग व विधिक कार्रवाई
महिला थाना की प्रभारी निरीक्षक डा.शालिनी सिंह ने पुलिस ने किशोरी को अपनी सुरक्षा में ले लिया है और उसे पूछताछ व काउंसलिंग के लिए थाने ले जाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी के स्वजन को भी बुलाया गया है ताकि मामले की गंभीरता को समझते हुए उचित निर्णय लिया जा सके।

यह भी पढ़ें- बस्ती में सड़क हादसा, कांटे मार्ग पर दो युवकों की मौत

इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव और प्रेम प्रसंगों से जुड़े संवेदनशील मामलों को उजागर कर दिया है। थानेदार वाल्टरगंज एसपी सिंह ने बताया कि टावर चढ़ने वाली लड़की नाबालिग है, गौर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली वह कप्तानगंज क्षेत्र के रहने वाले प्रेमी से शादी की जिद्द कर रही थी। गंभीरता पूर्वक जांच के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी।

इसी महीने हो चुकीं चार घटनाएं
टावर पर चढ़ कर अपनी मांगे मनवाने का इस समय ट्रेंड चल पड़ा है। वाल्टरगंज क्षेत्र में टावर पर चढ़ने की दो ,रुधौली थाना में टावर पर एक और गनेशपुर नगर पंचायत में पानी की टंकी पर चढ़ने की एक घटना इसी माह सामने आ चुकी है। चारों मामलों में किशोरी, युवती व महिला शामिल रही हैं।


टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाली लड़की और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले कर्मचारी, दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। टावर पर अवैध प्रवेश को रोकना कंपनी की जिम्मेदारी है। सुरक्षा में चूक किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


-

- सत्येन्द्र भूषण तिवारी, सीओ सिटी, बस्ती