बस्ती में पेड़ से टकराई स्कूली बच्चों की वैन, बाल-बाल बचे मासूम
बस्ती के पैकोलिया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार ...और पढ़ें
-1789234948258_m.webp)
HighLights
तेज रफ्तार स्कूली वैन पेड़ से टकराई, छह बच्चे घायल।
दमकल कर्मियों ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल बच्चों की हालत खतरे से बाहर, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, बस्ती। शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। यह घटना ग्राम गुलेहरिया, थाना पैकोलिया के पास हुई।
इस भीषण दुर्घटना में वैन में सवार छह मासूम बच्चे घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद वहां पहुंचे दमकल कर्मियों की सूझबूझ से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लिटिल फ्लावर स्कूल पूरापैकोलिया बभनान स्कूल वैन रोजाना की तरह स्कूल से दोपहर 2.20 पर बच्चों को लेकर उनके घर जा रही थी।
वैन की रफ्तार निर्धारित गति सीमा से अधिक थी। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। असंतुलित हुई वैन सड़क किनारे लगे एक पुराने पेड़ से जोरदार तरीके से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बच्चे अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पैकोलिया एसएचओ मोतीचंद राजभर पुलिस टीम व उनके साथ प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रमेश चन्द्र यादव की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। वैन के दरवाजे बुरी तरह पिचक चुके थे, जिससे बच्चों को निकालना मुश्किल हो रहा था।
दमकल कर्मियों ने अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से वैन में फंसे एक-एक करके सभी छह बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अथर्व सिंह पुत्र आशीष सिंह बड़ेरिया कुंवर, अनीश वर्मा पुत्र कौशल वर्मा हसीनाबाद को मामूली चोट आने पर सीएसची परसरामपुर भेजा गया।
तैयबा खातून पुत्री करन हुसैन, फैसल अंसारी पुत्र करन हुसैन निवासी पुरैना, अनिरूद्ध व उसके भाई अनिकेत पुत्र नीरज निवासी हुड़रा कुंवर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय पर शुरू किए गए इस रेस्क्यू आपरेशन के कारण बच्चों की जान बचाई जा सकी।
हादसे में घायल हुए सभी बच्चों की उम्र 6 से 13 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उन्हें तुरंत नजदीकी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
