झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना,जलभराव
महराजगंज व कप्तानगंज कस्बे में भी हुआ जलभराव
जासं,हर्रैया बस्ती: शुक्रवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। इसी के साथ पिछले चार दिनों से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल गई। मौसम सुहाना हो गया है। यह बारिश खेती-किसानी के लिए फायदेमंद है। शहर और कस्बों में जलजमाव की समस्या से लोग परेशान रहे।
हर्रैया उपनगर के चौराहों के पास बने अंडरपास के दाहिने ओर शुक्रवार को बारिश होने से जलभराव हो गया है। जिससे लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हुई। खेती-किसानी के लिए यह बारिश फायदेमंद बताई जा रही है। भाजपा नेता आत्मा प्रसाद पाठक, विद्यासागर मिश्रा,प्रेमसागर मिश्रा,पप्पू सिंह, डा.योगेश शुक्ला ने बताया कि फोरलेन सड़क निमार्ण के बाद पिछले दस साल से जलभराव की समस्या है। एनएचआई द्वारा बनाया गए नाले में कचरा जमा होने से बरसात का पानी निकल नहीं पा रहा है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे है। व्यवसायियों ने कहा कि शिकायत के बाद भी नगर पंचायत प्रशासन समस्या का निराकरण नहीं कर रहा है। दूसरी ओर चेयरमैन राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा उपनगर के प्रत्येक सड़क पर जलनिकासी के लिए नाला निर्माण कराया गया है। इसकी नियमित सफाई भी होती है। जहां तक बात रही अंडरपास पर जलजमाव की तो यह मामला एनएचएआई का है।
महाराजगंज संवाददाता के अनुसार शुक्रवार की शाम को हुई बारिश से कस्बे में जलजमाव हो गया। जिससे साप्ताहिक बाजार में पटरियों पर सब्जी व अन्य जरूरी सामान की दुकान लगाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान अंडरपास के दोनों ओर निर्मित सर्विस रोड के बगल नाला भी बनवाया गया था। नाला जाम होने के चलते पानी का बहाव कम है। जिससे जल भराव की समस्या कई घंटों तक बनी रहती है। दुकानदार पंकज अग्रहरि,बजरंगी कसौधन,राहुल सोनी,अयोध्या प्रसाद, छेदीलाल,कल्लन ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। कप्तानगंज कस्बे में भी बारिश के चलते जलजमाव हो गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।