विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में 82678 किसानों की बढ़ेगी टेंशन, फार्मर रजिस्ट्री न होने से पीएम सम्मान निधि की 23वीं किस्त से होंगे वंचित

Published: Thu, 01 Oct 2026 05:42 PM (IST)

बस्ती में 82,678 किसानों ने अभी तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूरी नहीं की है, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त से वंचित होना पड़ सकता है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बस्ती में 82,678 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई।

  2. रजिस्ट्री न होने पर पीएम किसान की 23वीं किस्त रुकेगी।

  3. भविष्य में सभी कृषि लाभ पंजीकृत किसानों को ही मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, बस्ती। जनपद में अभी भी 82678 किसान ऐसे हैं, जिन्होंने अपनी फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है। कृषि विभाग के कड़े रुख को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि यदि समय रहते इन किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी नहीं की, तो इन्हें आगामी प्रधानमन्त्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत माह अक्टूबर 26 में मिलने वाली 23 वीं किस्त का लाभ उठाने से वंचित होना पड़ सकता है।

केंद्रीय कृषि मंत्रालय के निर्देशानुसार, पीएम किसान योजना और अन्य कृषि कल्याणकारी योजनाओं की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर इन एग्रीकल्चर (एग्रीस्टेक) के तहत फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा रही है।

इस रजिस्ट्री के माध्यम से प्रत्येक किसान का एक यूनिक डिजिटल फार्मर आईडी बनाया जा रहा है। इसमें किसान की जमीन, बोई जाने वाली फसल और उसकी व्यक्तिगत जानकारी का पूरा डिजिटल रिकार्ड दर्ज होता है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में डीबीटी के माध्यम से मिलने वाला कृषि अनुदान और सम्मान निधि का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।

नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर बायोमेट्रिक या ओटीपी के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है। किसान अपने क्षेत्र के लेखपाल, कृषि तकनीकी सहायक या पंचायत सहायक से संपर्क कर सकते हैं।

जनपद में कुल पात्र पांच लाख 20 हजार 386 किसानों की तुलना में अभी भी 82678 किसानों ने अपने अभिलेखों को अपडेट नहीं कराया है। 3832 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पेंडिंग है। ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष कैंप और पंचायत सहायकों के माध्यम से यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन कुछ किसानों का आधार व खतौनी में नाम मिसमैच होने के कारण शत-प्रतिशत लक्ष्य अधूरा है।अभी तक 84.11 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हो चुका है। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं होगी, उनका पोर्टल पर डेटा सत्यापित नहीं हो पाएगा, जिसके चलते उनके बैंक खातों में अगली किस्त का पैसा ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा। -अशोक कुमार उप कृषि निदेशक, बस्ती।

यह भी पढ़ें- महात्‍मा गांधी काशी विद्यापीठ के हास्टल मेस के खाने में मिला कीड़ा, छात्रों में आक्रोश