महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हास्टल मेस के खाने में मिला कीड़ा, छात्रों में आक्रोश
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हॉस्टल मेस में खाने में कीड़ा मिलने से छात्रों में आक्रोश फैल गया। कुलपति ने ...और पढ़ें

काशी विद्यापीठ मेस के खाने में मिला कीड़ा, छात्रों का फूटा गुस्सा, कुलपति ने लिया संज्ञान।
HighLights
काशी विद्यापीठ हॉस्टल मेस के खाने में मिला कीड़ा।
छात्रों के विरोध के बाद कुलपति ने किया निरीक्षण।
भोजन गुणवत्ता निगरानी को छात्र समिति गठित करने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के बायज हास्टल की मेस में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता एक बार फिर बड़े सवालों के घेरे में आ गई है। मेस का संचालन शुरू हुए अभी बमुश्किल एक महीना ही बीता है कि खाने में कीड़े मिलने की शिकायतों ने तूल पकड़ लिया है।
बुधवार को एक छात्र की थाली में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद कुलपति को खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना पड़ा। छात्रों का आरोप है कि पिछले दो-तीन दिनों से लगातार मेस के खाने में लापरवाही बरती जा रही है। किसी न किसी छात्र की थाली में कीड़ा मिलने की घटनाएं सामने आ रही थीं।
बुधवार को जब एक बार फिर खाने में कीड़ा निकला, तो छात्रों ने इसका विरोध किया और इसकी शिकायत विश्वविद्यालय के जिम्मेदारों से की। कुलपति प्रो. आनन्द त्यागी हास्टल मेस पहुंचे। उन्होंने वहां की साफ-सफाई, कुकिंग एरिया और भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। हास्टल वार्डन प्रो. नागेंद्र सिंह को छात्रों की एक कमेटी गठित करने का निर्देश दिया।
अब सदस्य इस बात की निगरानी करेंगे कि सब्जियां कैसे कट रही हैं, चावल कैसे उबाला जा रहा है और साफ-सफाई कैसी है। यानी अब कच्चे अनाज से लेकर थाली में परोसे जाने तक पूरी प्रक्रिया पर छात्रों की पैनी नजर रहेगी।
विद्यापीठ में पिछले कई सालों से मेस बंद था। कुछ समय पूर्व जब राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यापीठ का दौरा किया था, तो मेस बंद मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई थी। राज्यपाल के निर्देशों और लंबे अंतराल के बाद इस सत्र में जाकर मेस का संचालन दोबारा शुरू किया गया था।
