विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में दिव्यांग छात्राओं का स्कूली सफर होगा आसान, मिलेगी फ्री ई-ट्राई साइकिल

Published: Mon, 05 Oct 2026 03:28 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की है, जिससे उन्हें विद्यालय और महाविद्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना शुरू की गई।

  2. बस्ती में 100 छात्राओं को लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित।

  3. पात्र छात्राओं को नि:शुल्क ई-ट्राईसाइकिल इसी माह मिलेगी।

जागरण संवाददाता, बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भर बनाने तथा विद्यालय एवं महाविद्यालय तक उनके आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से नई ई-ट्राईसाइकिल योजना प्रारम्भ की गई है। जिले में 100 दिव्यांग छात्राओं को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य मिला है। काफी प्रयास के बाद 85 छात्राओं ने इसके लिए आवेदन किए हैं।

स्कूल एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्राओं को योजना के तहत निश्शुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जानी है। इसी माह वितरण प्रस्तावित है।सरकार ने दिव्यांग बेटियों की मुश्किलों को देखते हुए उनके स्कूली सफर को आसान बनाने की पहल की है। इस वर्ष उनके लिए ई-ट्राईसाइकिल योजना प्रारंभ की गई है।

योजना के तहत स्कूल, कालेज में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को निश्शुल्क ई-ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी,जिससे वे अपने शैक्षिक संस्थानों तक सुरक्षित व सुगमता से पहुंच सकेंगी । जिले में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 20-20 दिव्यांग छात्राओं यानी कुल 100 को लाभान्वित किया जाना है।

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए छात्रा की आयु न्यूनतम 16 वर्ष होनी चाहिए। वह किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय अथवा महाविद्यालय में अध्ययनरत हो। छात्रा के परिवार का कोई भी सदस्य आयकरदाता नहीं होना चाहिए। छात्रा की दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक होनी चाहिए। साथ ही छात्रा के दोनों हाथ पूर्णतः कार्यशील हों, दृष्टि व मानसिक स्थिति सामान्य हो।

योजना के अंतर्गत केवल ऐसी पात्र दिव्यांग छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जिन्हें आवेदन की तिथि से पूर्व के पांच वर्षों के दौरान भारत सरकार, राज्य सरकार, स्थानीय निकाय, सांसद निधि, विधायक निधि अथवा किसी अन्य सरकारी अनुदानित स्रोत से ई- ट्राईसाइकिल उपलब्ध न कराई गई हो। यदि किसी छात्रा को किसी भी सरकारी अनुदानित योजना के अंतर्गत पूर्व के पांच वर्षों में ई-ट्राईसाइकिल प्राप्त हो चुकी है, तो वह इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने बताया कि दिव्यांग छात्राओं को लाभान्वित करने के लिए योजना शुरू की गई है। अभी वितरण के लिए कोई दिशा निर्देश शासन स्तर से नहीं मिला है। उम्मीद है कि वितरण तिथि से पूर्व आवेदन का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- जंगल में अपराधियों की तलाश में निकली चंदौली पुलिस के सामने अचानक आ धमका खूंखार जानवर, थम गई सांसें