विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में कुआनो नदी में गिरी अनियंत्रित बोलेरो, ग्रामीणों ने नाव से बचाई छह जानें

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:42 PM (IST)

बस्ती के अईलाकला गांव के पास कुआनो नदी में एक अनियंत्रित बोलेरो गिर गई, जिसमें छह लोग सवार थे। स्थानीय ...और पढ़ें

News Article Hero Image

संवाद सूत्र, बस्ती। अईलाकला गांव के पास रविवार को दोपहर में कुआनो नदी में अनियंत्रित बोलेरो गिर गई। वाहन में सवार छह लोग नदी में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने नाव की मदद से बचाव कार्य शुरू किया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सिद्धार्थनगर जिले के खेसराहा थाना क्षेत्र के कुड़जा गांव निवासी सुंदर, प्रताप, विक्रम, बृजेश, यशोदा और कृष्ण मोहन बोलेरो से गौर थाना क्षेत्र के ठड़िहौना गांव स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। वे कुआनो नदी के किनारे बसे अइलाकला गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से एक आटो रिक्शा आ गया। उसे रास्ता देने के प्रयास में चालक ने बोलेरो को सड़क के किनारे उतार दिया। इसी बीच वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी में गिरने के बाद बोलेरो दो बार पलटी और फिर सीधी हो गई। वाहन में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने नाव की मदद से बचाव अभियान शुरू किया और वाहन में सवार सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नदी के किनारे पहुंचाया।
स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

यह भी पढ़ें- बस्ती में हाइवे पर सड़क हादसा, रोडवेज बस से टकराई कार; 2 लोगों की हालत गंभीर