बस्ती विकास प्राधिकरण में 4.86 करोड़ के कार्यों में टेंडर घोटाला, ठेकेदारों की मिलीभगत उजागर
बस्ती विकास प्राधिकरण में 4.86 करोड़ रुपये के चार कार्यों के टेंडर में अनियमितता सामने आई है, जहाँ ठेकेदारों की ...और पढ़ें

चार टेंडर को मिलाकर सिर्फ 37 हजार 885 रुपये बीडीए को मिला फायदा। जागरण
HighLights
बस्ती बीडीए में 4.86 करोड़ के टेंडर में अनियमितता।
ठेकेदारों की मिलीभगत से नाममात्र की राजस्व बचत।
लोक निर्माण विभाग के मानकों का उल्लंघन, पारदर्शिता पर सवाल।
ब्रजेश पांडेय, बस्ती। शासन स्तर से लोक निर्माण विभाग का टेंडर प्रक्रिया अन्य विभागों में भी लागू हैं, जिसके तहत दो से दस प्रतिशत तक टेंडर राशि में गिरावट आना पारदर्शिता और राजस्व की बचत का बेहतर मानक है, लेकिन बस्ती विकास प्राधिकरण में ऐसा नहीं हाेता। पिछले वर्ष कंपनी बाग नाला निर्माण में अनियमितता का मामला सुर्खियों में रहा। करीब 70 लाख रुपये के कार्य पर सवाल उठे और अब 4.86 करोड़ के चार नए काम पर भी। इस कार्य के निविदा में सिर्फ 37 हजार 885 रुपये के राजस्व की बचत होने से प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।
बस्ती विकास प्राधिकरण ने जिन चार ठेकेदारों को 4.86 करोड़ के काम का अनुबंध किया है, वह कागज में पूरी तरह से मैनेज दिख रहे हैं। चार फर्मों ने विभाग की मिली भगत से आन लाइन टेंडर भर दिए, जिसमें .085 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो 0.1 प्रतिशत से भी कम है।
दरअसल, फूल रेट पर टेंडर डालने का खेल यहां वर्षों से चला आ रहा है, जिस पर अंकुश नहीं लग पा रहा। शक्ति तिराहे से जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए शास्त्री चौक तक सड़क के चौड़ीकरण कार्य के लिए करीब 60 लाख 20 हजार का अनुबंध एल-वन फर्म कुमार कंस्ट्रक्शन कंपनी को किया गया है। जिन्होंने निर्धारित राशि के सापेक्ष बोली 0.04 प्रतिशत कम लगाई, जिससे महज 2, 408 रुपये की बचत हुई है।
इस काम पर संतोष कुमार चौधरी ने 0.02 की बोली लगाई है, जबकि तीसरे स्थान के अदिति कंस्ट्रक्शन ने शून्य कम की बोली लगाई। गुरुगोविंद सिंह चौक से आचार्य राम चन्द्र शुक्ल तिराहे तक सड़क सुदृढीकरण कार्य करीब एक करोड़ 31 लाख का है, इसमें 0.13 प्रतिशत की कम बोली पर एल-वन एस कंस्ट्रक्शन को काम मिले हैं। एल-टू पर आदित्य कंस्ट्रक्शन ने 0.05 एवं एल-तीन के हिन्दुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी ने 0.01 प्रतिशत कम की बोली लगाई।
न्याय मार्ग कचहरी रोड के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण पर करीब एक करोड़ 43 लाख का कार्य हिन्दुस्तान कंस्ट्रक्शन को महज 0.05 प्रतिशत के कम रेट पर अनुबंध किया गया है। इस कार्य पर दूसरी फर्म आदित्य कंस्ट्रक्शन ने 0.02 एवं तीसरे नंबर पर एस कंस्ट्रक्शन ने शून्य की बोली लगाई है। बीएसए कार्यालय के फ्रुडिंग एवं वेन्डिग जोन के निर्माण का कार्य करीब एक करोड़ 11 लाख में होना है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर कमिश्नर ने विरासत गलियारा निर्माण में देरी पर लगाई फटकार, बोले- आंधी-बारिश न तूफान, फिर क्यों बंद कर दिया काम
एल वन के आदित्य कंस्ट्रक्शन को 0.10 प्रतिशत कम में अनुबंध हुआ है। यहां निविदा प्रक्रिया में दूसरे नंबर पर हिन्दुस्तान कंस्ट्रक्शन ने 0.05 एवं एस कंस्ट्रक्शन ने 0.01 प्रतिशत पर बोली लगाई थी। इस तरह से बोली दाता आसपास पर ही हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार कुछ लोग और भी निविदा प्रक्रिया में शामिल होना चाहते थे, लेकिन उनकी पत्रावली अधूरी बताकर शामिल नहीं होने दिया गया।
बस्ती विकास प्राधिकरण में जो भी कार्य होते हैं, उनमें आन लाइन टेंडर होता है। यदि फर्माें ने अपने हिसाब से मैनेज कर लिया होगा तो इसमें विभाग को कोई रोल नहीं है। नियम के तहत ही कार्यों के अनुबंध किए गए हैं। किसी ऐसे फर्म की लिखित शिकायत भी नहीं मिली, जो निविदा प्रक्रिया में शामिल होना चाहता था और वह शामिल नहीं हो सका।
