विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती की सड़कों का 100 करोड़ से होगा कायाकल्प, 4 प्रमुख धार्मिक स्थलों की राह होगी आसान

Published: Wed, 19 Aug 2026 07:56 PM (IST)

बस्ती जिले के चार प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने एक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. 35 किलोमीटर सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव भेजा।

  2. परियोजना पर करीब एक अरब रुपये की लागत आएगी।

  3. बस्ती के चार प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच सुगम होगी।

जागरण संवाददाता, बस्ती। जिले के चार प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की राह अब आसान होगी। लोक निर्माण विभाग ने धर्मार्थ मद से करीब एक अरब रुपये की लागत से 35 किलोमीटर सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा है।

प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बस्ती सदर और हरैया विधानसभा क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण सड़कों का कायाकल्प होगा। इससे धार्मिक स्थलों तक आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्रीय लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक की ओर से जिगिना-बरदहिया-सुगर मिल से कड़र खास शिव मंदिर होते हुए एनएच-27 तक सड़क का कायाकल्प प्रस्तावित है। 3.50 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य होंगे।

श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

इस पर 11 करोड़ 47 लाख 97 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसी विधानसभा क्षेत्र में पीलीभीत-बहराइच स्टेट हाइवे से प्राचीन भैंसानाथ-बेदुआबार शिव मंदिर मार्ग के 2.100 किलोमीटर हिस्से को 6 करोड़ 30 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बेहतर बनाने का प्रस्ताव है।

हरैया विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की ओर से दो बड़े मार्गों को शामिल किया गया है। हरैया-श्रृंगीनारी मार्ग के 12.300 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर करीब 31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण छावनी-कोहराएं-मखौड़ा धाम मार्ग के 16.460 किलोमीटर हिस्से को 48 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने का प्रस्ताव है।

यह भी पढ़ें- बस्ती में भूमि विवादों का होगा निस्तारण, सभी थानों पर दर्ज होंगे लेखपालों के नाम

इन चारों परियोजनाओं के पूरा होने से धार्मिक स्थलों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। अब शासन की स्वीकृति पर इन परियोजनाओं का भविष्य निर्भर है।

धार्मिक स्थलों तक मार्ग बेहतर हो, इस पर शासन का जोर है। धर्मार्थ योजनान्तर्गत मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढीकरण के लिए प्रारंभिक आगणन शासन को प्रेषित कर दिया हैँ। स्वीकृति मिलने के बाद चार महत्वपूर्व सड़कों का निर्माण शुरू हो जाएगा।

                                                            आनंद कुमार, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग