भगवान शिव बने दूल्हा, शहरवासी बराती
बराती बन लोग खुद को धन्य महसूस कर रहे थे श्रद्धालु
बस्ती। शहर में कृपाल मंदिर ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को देर शाम शिव बारात निकाली गई। जिसमें बाराती बन लोग खुद को धन्य महसूस कर रहे थे। फूलों की वर्षां के बीच निकले भोलेदानी को रिझाने के लिए लोग डीजे के धुनों पर थिरकते रहे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों की गूंज हो रही थी। अबीर गुलाल उड़ाकर लोग शिव विवाह के साक्षी बने रहे। जिससे थोड़ी ही देर के बाद माहौल पूरी तरह भक्तिमय बन गया।
रथ पर सवार भगवान आशुतोष का दर्शन पाने के लिए हर कोई आतुर दिख रहा था। बरात में झंडाधारी घुड़़सवार सबसे आगे चल रहे थे। रथ में बंधे घोड़े हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। कंपनी बाग शिव मंदिर से निकली बारात, गांधी नगर होते हुए हनुमानगढ़ी पहुंची। जहां लोगों ने एक साथ गगनभेदी हर हर महादेव का जयघोष किया। ट्रस्ट की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया। काफी संख्या में लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान ट्रस्टी शिवजी गुप्ता, ध्रुव कुमार राव, रवि कुमार गुप्ता, हर्ष कसौधन, रिकू, राज कुमार, बृजकिशोर कसौधन आदि मौजूद रहे।
शहर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में भव्य शिव बरात निकाली गई। भगवान शंकर और माता पार्वती की आकर्षक झांकियों के साथ महिलाओं, बच्चों और पुरुषों का हुजूम जब सड़कों पर निकला तो देखते ही बन रहा था। शिव बराती भक्तिरस में डूबे रहे। पांडेय बाजार से निकल कर दक्षिण दरवाजा होते हुए करुआ बाबा हनुमान मंदिर पहुंची। रास्ते के दोनों तरफ बरात को देखने के लिए दर्शनार्थी उमड़ पड़े। हर कोई जयकारे की गूंज में अपने को शिव भक्ति से जोड़ता रहा।